आईपीएल 2026 के खत्म होने के बाद भारतीय खेल प्रेमियों का ध्यान अब फीफा वर्ल्ड कप 2026 पर टिक गया है। 12 जून (भारतीय समयानुसार) से शुरू होने वाले इस मेगा टूर्नामेंट को लेकर देशभर में उत्साह बढ़ता जा रहा है। हालांकि, टूर्नामेंट शुरू होने से सिर्फ तीन हफ्ते पहले भी भारत में इसके आधिकारिक ब्रॉडकास्टर का फैसला नहीं हो पाया है। यह स्थिति भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए बड़ी चिंता का कारण बन गई है, क्योंकि दशकों से फीफा वर्ल्ड कप भारत में टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बड़े स्तर पर देखा जाता रहा है।
फीफा विश्व कप
- फोटो : Instagram
प्रसार भारती ने झाड़ा पल्ला
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब प्रसार भारती ने दिल्ली हाई कोर्ट में कहा कि फीफा वर्ल्ड कप के प्रसारण अधिकार हासिल करना उसकी जिम्मेदारी नहीं है। इस बयान के बाद यह लगभग साफ हो गया कि सार्वजनिक प्रसारक इस रेस से बाहर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रसार भारती ने अदालत में कहा, 'फीफा वर्ल्ड कप के मीडिया राइट्स खरीदना हमारा दायित्व नहीं है।' इस रुख के बाद फुटबॉल फैंस के बीच असमंजस और बढ़ गया है।
फीफा विश्व कप
- फोटो : Instagram
भारत में फुटबॉल का बढ़ता क्रेज
हालांकि भारत में क्रिकेट सबसे लोकप्रिय खेल है, लेकिन फीफा वर्ल्ड कप के दौरान फुटबॉल का जुनून पूरे देश में दिखाई देता है। गोवा, केरल, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और पंजाब जैसे राज्यों में तो फुटबॉल का खास क्रेज रहता ही है, लेकिन अब देशभर में युवाओं के बीच इस खेल की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। भारत की पुरुष फुटबॉल टीम फिलहाल फीफा रैंकिंग में 136वें स्थान पर है, जबकि महिला टीम 69वें नंबर पर है। भारत आज तक फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाया, लेकिन इसके बावजूद करोड़ों भारतीय इस टूर्नामेंट को बड़े उत्साह के साथ देखते हैं।
पहली बार 48 टीमों के साथ होगा टूर्नामेंट
- फीफा वर्ल्ड कप 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक होने वाला है। पहली बार यह टूर्नामेंट तीन देशों, अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको के 16 शहरों में आयोजित किया जाएगा।
- इसके अलावा पहली बार टूर्नामेंट में 32 की जगह 48 टीमें हिस्सा लेंगी। 12 जून से 20 जुलाई तक चलने वाले इस वर्ल्ड कप में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे।
राष्ट्रपति ट्रंप को फीफा विश्व कप ट्रॉफी दिखाते इनफैनटिनो
- फोटो : PTI
देर रात मैच बन सकते हैं बड़ी चुनौती
- विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में मीडिया राइट्स फाइनल न होने की एक बड़ी वजह मैचों का समय भी है। अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में होने वाले मुकाबले भारतीय समयानुसार देर रात या आधी रात के बाद शुरू होंगे।
- रिपोर्ट्स के मुताबिक, 104 मैचों में से सिर्फ 14 मुकाबले ही ऐसे होंगे जो भारत में आधी रात से पहले शुरू होंगे। यहां तक कि 20 जुलाई को होने वाला फाइनल भी भारतीय समयानुसार करीब 12:30 बजे रात शुरू होने की उम्मीद है।
करोड़ों दर्शकों के बावजूद नहीं हुआ फैसला
2022 कतर वर्ल्ड कप के दौरान भारत में लगभग 74.5 करोड़ दर्शकों ने विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर टूर्नामेंट देखा था। फुटबॉल दर्शकों के मामले में केवल चीन भारत से आगे था। भारत लगातार फीफा वर्ल्ड कप टीवी व्यूअरशिप के मामले में दुनिया के शीर्ष 10 देशों में शामिल रहता है।
इसके बावजूद इस बार अभी तक कोई प्रसारक सामने नहीं आया है। पिछली बार जियोसिनेमा ने डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स के लिए करीब 60 मिलियन डॉलर खर्च किए थे। हालांकि, भारत में फुटबॉल से होने वाली कमाई क्रिकेट की तुलना में काफी कम मानी जाती है, जिसका असर इस बार के राइट्स डील पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है।