फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारतीय कप्तान के खिलाफ नस्लीय इशारे पर AIFF का एक्शन: AFC से की शिकायत, फुटेज की समीक्षा और कार्रवाई की मांग

Wed, 18 Nov 2026 09:51 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

एएफसी अंडर-17 एशियाई कप क्वालिफायर में भारत और फिलिस्तीन के मुकाबले के दौरान विवादित घटनाएं हुईं। भारतीय कप्तान के खिलाफ नस्लीय इशारे का आरोप लगा, जबकि एक फिलिस्तीनी खिलाड़ी को खतरनाक व्यवहार के लिए रेड कार्ड मिला। इन सबके बीच भारत ने 4-1 से जीत दर्ज की।
विज्ञापन
फलस्तीन के खिलाड़ी का विवादित इशारा - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और फलस्तीन के बीच अंडर-17 एशियन कप क्वालिफायर मुकाबले में भारतीय कप्तान दल्लालमुआन गंगटे की ओर कथित नस्लीय इशारे का मामला अब एशियाई फुटबॉल परिसंघ (AFC) तक पहुंच गया है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने इस घटना को लेकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। महासंघ ने AFC से मैच के फुटेज की समीक्षा करने और संबंधित नियमों के तहत उचित कार्रवाई करने की मांग की है। यह घटना 17 नवंबर को कुआलालंपुर में खेले गए मुकाबले के दौरान हुई थी। वहीं, एक अन्य फलस्तीनी खिलाड़ी को भारतीय फुटबॉलर के खिलाफ बुरे तरीके से टैकल के लिए सीधे रेड कार्ड दिखाया गया। हालांकि, इन घटनाओं का असर भारतीय टीम के प्रदर्शन पर नहीं पड़ा। ब्लू कोल्ट्स ने शानदार खेल दिखाते हुए मुकाबला 4-1 से अपने नाम किया।

विज्ञापन


एआईएफएफ ने शिकायत में क्या कहा?
एआईएफएफ ने अपनी शिकायत में एएफसी से घटना की समीक्षा करने, उपलब्ध मैच फुटेज की जांच करने और लागू नियमों के तहत उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है। महासंघ ने नस्लवाद और भेदभावपूर्ण व्यवहार के प्रति अपना कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि इस तरह का आचरण फुटबॉल के बुनियादी मूल्यों के खिलाफ है।

एआईएफएफ ने कहा, ‘हम किसी भी तरह के नस्लवाद या भेदभावपूर्ण व्यवहार को बेहद गंभीर मानते हैं। इस तरह का आचरण फुटबॉल के मूलभूत मूल्यों- सम्मान, समानता, निष्पक्ष खेल और खेल भावना के विपरीत है। खेल में नस्लवाद या भेदभाव के लिए कोई जगह नहीं है और ऐसे व्यवहार को स्वीकार या बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।’
विज्ञापन




भारतीय कप्तान के खिलाफ नस्लीय इशारे का आरोप
मुकाबले के दौरान फलस्तीन के जर्सी नंबर 19 के खिलाड़ी को भारतीय कप्तान गंगटे के करीब नाक के सामने हाथ घुमाने जैसा इशारा करते देखा गया। इस हरकत की सोशल मीडिया पर आलोचना हुई। कई लोगों ने इसे नस्लीय रूढ़िवादिता से जुड़ा इशारा माना, जिसका इस्तेमाल किसी समुदाय का अपमान करने के लिए किया जाता है। यह घटना लाइव प्रसारण के कैमरे में भी कैद हुई, लेकिन मैच अधिकारियों ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। मुकाबले में इससे पहले भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कई बार तनातनी देखने को मिली थी।

 

Trending Videos
विज्ञापन

फलस्तीन के खिलाड़ियों ने दिखाया फाउल खेल - फोटो : Twitter
भारतीय खिलाड़ी पर हमले के बाद फलस्तीनी फुटबॉलर को रेड कार्ड
मैच के नौवें मिनट के आसपास एक और विवादित घटना हुई। फलस्तीन के मोहम्मद जमहूर ने भारतीय खिलाड़ी को पीछे से दो बार लात मारी। इसके बाद जमीन पर गिरे भारतीय फुटबॉलर के हाथ पर पैर रखने का आरोप भी लगा। इस घटना के बाद रेफरी ने हस्तक्षेप किया और जमहूर को सीधे रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया। इस तरह फलस्तीन की टीम मुकाबले के शुरुआती मिनटों में ही 10 खिलाड़ियों तक सीमित हो गई।
 

भारत ने चार गोल दागकर दर्ज की शानदार जीत
मैदान पर विवादों के बीच भारतीय टीम ने अपने प्रदर्शन से जवाब दिया। सातवें मिनट में कंबूहाओ ने गोल करके भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि, पहले हाफ के इंजरी टाइम में यजान खलीफा ने पेनल्टी पर गोल करके फलस्तीन को 1-1 की बराबरी दिला दी। भारी बारिश के कारण मुकाबले में कुछ समय के लिए रुकावट भी आई।

दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाया। 51वें मिनट में मुकुंडो ने शानदार गोल करके भारत को फिर बढ़त दिलाई। इसके सात मिनट बाद कप्तान गंगटे ने गोल दागकर स्कोर 3-1 कर दिया। 88वें मिनट में जोरामदिंथारा ने चौथा गोल करके भारत की जीत पक्की कर दी। इस तरह भारतीय टीम ने विवादों और तनाव के बीच संयम बनाए रखते हुए 4-1 से मुकाबला जीत लिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें