भारत और फलस्तीन के बीच एएफसी अंडर-17 एशियाई कप 2027 क्वालिफायर मुकाबले में फुटबॉल से ज्यादा विवादों की चर्चा रही। मैच के दौरान भारतीय कप्तान दलालमुआन गंगटे के खिलाफ फिलिस्तीनी खिलाड़ी पर नस्लीय इशारा करने का आरोप लगा। वहीं, एक अन्य खिलाड़ी को भारतीय फुटबॉलर के खिलाफ खतरनाक व्यवहार के लिए सीधे रेड कार्ड दिखाया गया। हालांकि, इन घटनाओं का असर भारतीय टीम के प्रदर्शन पर नहीं पड़ा। ब्लू कोल्ट्स ने शानदार खेल दिखाते हुए मुकाबला 4-1 से अपने नाम किया।
भारतीय कप्तान के खिलाफ नस्लीय इशारे का आरोप
मुकाबले के दौरान फलस्तीन के जर्सी नंबर 19 के खिलाड़ी को भारतीय कप्तान गंगटे के करीब नाक के सामने हाथ घुमाने जैसा इशारा करते देखा गया। इस हरकत की सोशल मीडिया पर आलोचना हुई। कई लोगों ने इसे नस्लीय रूढ़िवादिता से जुड़ा इशारा माना, जिसका इस्तेमाल किसी समुदाय का अपमान करने के लिए किया जाता है। यह घटना लाइव प्रसारण के कैमरे में भी कैद हुई, लेकिन मैच अधिकारियों ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। मुकाबले में इससे पहले भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कई बार तनातनी देखने को मिली थी।