फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NZ: अक्तूबर से दिसंबर तक, 40 दिनों में भारत के खिलाफ 12 मैच खेलेगा न्यूजीलैंड; NZC ने जारी किया शेड्यूल

Wed, 03 Jun 2026 10:08 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने 2026/27 घरेलू अंतरराष्ट्रीय सत्र का कार्यक्रम जारी कर दिया है। भारत की पुरुष टीम 22 अक्तूबर से एक दिसंबर 2026 तक न्यूजीलैंड दौरे पर रहेगी, जहां दोनों देशों के बीच कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे। आइए पूरा शेड्यूल देखते हैं...
विज्ञापन
भारत बनाम न्यूजीलैंड - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (एनजेडसी) ने बुधवार को अपने घरेलू अंतरराष्ट्रीय सत्र 2026/27 का कार्यक्रम जारी कर दिया। इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण भारत का न्यूजीलैंड दौरा है, जिसे मेजबान देश के इतिहास के सबसे बड़े द्विपक्षीय क्रिकेट दौरों में से एक माना जा रहा है। भारतीय टीम 22 अक्तूबर से एक दिसंबर 2026 तक न्यूजीलैंड में रहेगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच कुल 12 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच शामिल हैं। करीब 40 दिनों तक चलने वाला यह दौरा पांच प्रमुख शहरों में आयोजित किया जाएगा।
विज्ञापन

 

भारत बनाम न्यूजीलैंड - फोटो : Twitter
ब्लैक-कैप्स ने बताया खास मौका
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के मुख्य मार्केटिंग और कमर्शियल अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने इस दौरे को बेहद खास बताया। उन्होंने कहा, 'यह एक पीढ़ी में एक बार आने वाला मौका है। जब क्रिकेट की बात आती है तो भारत से बड़ा कुछ नहीं है। हम न्यूजीलैंड के लोगों को ऐसा दौरा देने जा रहे हैं जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। यह सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि दोनों देशों के साझा इतिहास, संस्कृति और बढ़ती दोस्ती का उत्सव होगा।' न्यूजीलैंड सरकार ने भी इस दौरे को समर्थन देने की घोषणा की है। यह समर्थन भारत और न्यूजीलैंड के बीच लगभग 100 वर्षों से चले आ रहे खेल संबंधों को समर्पित बताया गया है।
 

न्यूजीलैंड और भारत की टीम - फोटो : BCCI
टी20 सीरीज से होगी शुरुआत
भारत का दौरा पांच मैचों की टी20 सीरीज से शुरू होगा। पहला और दूसरा टी20 क्रमशः 22 और 24 अक्तूबर को क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में खेले जाएंगे। इसके बाद तीसरा टी20 27 अक्तूबर को वेलिंगटन में होगा, जबकि चौथा मुकाबला 30 अक्तूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा। पांचवां और अंतिम टी20 मैच एक नवंबर को हैमिल्टन के सेडन पार्क में आयोजित होगा।

वनडे सीरीज का कार्यक्रम
टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमें पांच मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। पहला वनडे चार नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला सात नवंबर को वेलिंगटन में और तीसरा वनडे 10 नवंबर को हैमिल्टन में होगा। चौथा और पांचवां वनडे क्रमशः 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई (टौरंगा) के बे ओवल मैदान पर खेले जाएंगे।

टेस्ट सीरीज पर रहेंगी निगाहें
दौरे का समापन दो मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ होगा। पहला टेस्ट 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन के प्रतिष्ठित बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला जाएगा। दूसरा और अंतिम टेस्ट 27 नवंबर से एक दिसंबर तक क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में आयोजित होगा।

भारत बनाम न्यूजीलैंड सीरीज का पूरा शेड्यूल
तारीख मुकाबला स्थान
22 अक्तूबर पहला टी20 हैगले ओवल, क्राइस्टचर्च
24 अक्तूबर दूसरा टी20 हैगले ओवल, क्राइस्टचर्च
27 अक्तूबर तीसरा टी20 हेनरी स्टेडियम, वेलिंगटन
30 अक्तूबर चौथा टी20 ईडन पार्क, ऑकलैंड
1 नवंबर पांचवां टी20 सेडन पार्क, हैमिल्टन
4 नवंबर पहला वनडे ईडन पार्क, ऑकलैंड
7 नवंबर दूसरा वनडे हेनरी स्टेडियम, वेलिंगटन
10 नवंबर तीसरा वनडे सेडन पार्क, हैमिल्टन
13 नवंबर चौथा वनडे बे ओवल, टौरंगा
15 नवंबर पांचवां वनडे बे ओवल, टौरंगा
19-23 नवंबर पहला टेस्ट बेसिन रिजर्व, वेलिंगटन
27 नवंबर-1 दिसंबर दूसरा टेस्ट हैगले ओवल, क्राइस्टचर्च
विज्ञापन

भारत बनाम न्यूजीलैंड - फोटो : ANI
प्रसारण और टिकटों को लेकर उत्साह
स्काई न्यूजीलैंड अगले छह सत्रों के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट का आधिकारिक प्रसारण साझेदार बनेगा। स्काई के स्पोर्ट्स कंटेंट प्रमुख गैरी बर्चेट ने कहा कि भारत का दौरा विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा आकर्षण है और इसे दर्शकों के लिए यादगार प्रसारण अनुभव बनाने की तैयारी की जा रही है। दौरे के लिए टिकटों की भारी मांग की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशंसकों को अगस्त में शुरू होने वाली विशेष प्री-सेल के लिए रजिस्ट्रेशन कराने की सलाह दी गई है।

प्रतिद्वंद्विता का नया अध्याय
पिछले कुछ वर्षों में भारत और न्यूजीलैंड के बीच कई बड़े मुकाबले देखने को मिले हैं। 2019 विश्व कप सेमीफाइनल, 2021 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल, 2023 विश्व कप सेमीफाइनल, 2024 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल और हालिया टी20 विश्व कप फाइनल जैसी प्रतियोगिताओं में दोनों टीमों की टक्कर चर्चा का विषय रही है। ऐसे में 2026 का यह लंबा दौरा क्रिकेट फैंस के लिए एक और रोमांचक अध्याय लिख सकता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें