6 अक्टूबर को भारत अंडर-17 विश्वकप के रूप में पहली बार किसी फीफा प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। लेकिन इसके आगाज से तकरीबन 15 दिन पहले भारत ने साल 2019 में होने वाले फीफा अंडर-20 विश्वकप के लिए आधिकारिक रूप से अपना दावा पेश कर दिया है।
भारतीय फुटबाल संघ एआईएफएफ के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कहा हम फिलहाल कोई वादा नहीं कर रहे हैं क्योंकि इस बारे में हमने फीफा के स्तर पर कोई बातचीत नहीं की है। लेकिन अंडर-17 विश्वकप के आयोजन के बाद फीफा की एक समिति भारत दौरे पर आएगी। हमें यकीन है कि अंडर-20 विश्वकप की मेजबानी हासिल करने के लिए हम उन्हें विश्वास दिलाने में सफल रहेंगे।
प्रफुल्ल पटेल साल 2012 से एआईएफएफ के अध्यक्ष पद पर काबिज हैं। उन्होंन विश्वकप मेंजबानी के अलावा एक और घोषण की। उन्होंने कहा कि संघ एक नेशनल सेंटर फॉर एक्सिलेंस की स्थापना करेगा जहां जूनियर और सीनियर स्तर के सभी महिला-पुरुष खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। यह एक ऐसी जगह होगी जहां खिलाड़ियों के लिए शारीरिक प्रशिक्षण उपकरणों से लेकर स्वीमिंग पूल तक हर चीज की व्यवस्था होगी। हालांकि इसकी स्थापना किस स्थान पर होगी इस बारे में कोई फैसला नहीं हुआ है।