रीना राय के दो शानदार गोलों के दम पर गत चैंपियन भारत ने मेजबान श्रीलंका को 5-0 से रौंदकर दूसरी सैफ महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल की तरफ मजबूती से कदम बढ़ा दिया। भारत ने अपने ग्रुप में इससे पहले बांग्लादेश को 3-0 से पीटा था।
इस तरह भारतीय लड़कियां विपक्षी टीमों पर दो मैचों में आठ गोल दाग चुकी हैं। भारत को अब अपना आखिरी ग्रुप मैच 11 सितंबर को कमजोर भूटान से खेलना है। सुपर्वा समाल ने 17वें मिनट में भारत को बढ़त दिलाई। रीना राय ने 23वें मिनट में भारत का दूसरा गोल दागा।
पहले हाफ तक भारत 2-0 से आगे था। दूसरे हाफ में भारत ने पांच मिनट के अंतराल में तीन गोल दागकर श्रीलंका की चुनौती को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। रीना ने 51वें, पिंकी भोम्पाल ने 53वें और परमेश्वरी देवी ने 56वें मिनट में गोल किए।