डेम्बेले बने सर्वश्रेष्ठ पुरुष फुटबॉलर
पीएसजी के लिए शानदार और निर्णायक सीजन खेलने वाले ओस्मान डेम्बेले को बेस्ट मेल प्लेयर चुना गया। उन्होंने किलियन एम्बाप्पे, लामिन यमाल, विटिन्हा और राफिन्हा जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ा। पूरे सीजन में उनकी निरंतरता और मैच जिताने वाली भूमिका ने उन्हें इस अवॉर्ड का प्रबल दावेदार बना दिया।
रोनाल्डो का मिडिल ईस्ट में दबदबा बरकरार
40 वर्ष की उम्र में भी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक और अवॉर्ड अपने साथ जोड़ा। अल-नस्र के लिए खेलते हुए उन्हें बेस्ट मिडिल ईस्टर्न प्लेयर का सम्मान मिला। मैदान पर प्रदर्शन के साथ-साथ सऊदी अरब में उनके खेल और व्यावसायिक प्रभाव को भी इस अवॉर्ड में सराहा गया। इस श्रेणी में उन्होंने करीम बेंजेमा, रियाद महरेज और सालेम अल-दवसारी को पछाड़ा।
युवा सितारों की चमक
बार्सिलोना के युवा फॉरवर्ड लामिन यमाल ने बेस्ट फॉरवर्ड का खिताब जीता और अपने तेज उभार की पुष्टि की। वहीं पीएसजी के डेसायर डूए को इमर्जिंग प्लेयर चुना गया, जो भविष्य के सितारों में गिने जा रहे हैं।
बाएं से- विटिन्हा, डेम्बेले, डूए
महिला फुटबॉल और अन्य सम्मान
महिला वर्ग में आइताना बोनमाती (बार्सिलोना) को बेस्ट फीमेल प्लेयर और बार्सिलोना को बेस्ट फीमेल क्लब चुना गया। अन्य प्रमुख सम्मानों में जॉर्ज मेंडेस (बेस्ट एजेंट), लुइस कैंपोस (बेस्ट स्पोर्टिंग डायरेक्टर), नासिर अल-खेलाफी (बेस्ट स्पोर्ट्स प्रेसिडेंट) शामिल रहे। पॉल पोग्बा को बेस्ट स्पोर्टिंग कमबैक, पुर्तगाल को बेस्ट नेशनल टीम, जबकि हिदेतोशी नाकाटा और आंद्रे इनिएस्ता को लाइफटाइम अचीवमेंट से नवाजा गया।