स्पेन की विश्व कप विजेता टीम के सदस्य और एटलेटिको मैड्रिड, लिवरपूल व चेल्सी के पूर्व फॉरवर्ड फर्नांडो टोरेस ने शुक्रवार को संन्यास लेने की घोषणा की। वर्तमान में जापानी टीम सागन टोसु की तरफ से खेल रहे 35 वर्षीय टोरेस ने ट्विटर पर कहा, ‘मुझे कुछ बेहद खास घोषणा करनी है। अठारह साल के रोमांचक वर्षों के बाद अब मेरा फुटबॉल कॅरिअर समाप्त करने का समय आ गया है। अगले रविवार 23 जून को जापान के स्थानीय समयानुसार दस बजे मैं टोक्यो में संवाददाता सम्मेलन में विस्तार से जानकारी दूंगा। आपसे वहां मिलता हूं।’ टोरेस 2010 में विश्व कप जीतने वाली स्पेन की टीम का अहम हिस्सा थे।