ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर रहे और टीम को दो बार विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले काफू ने शनिवार को मुंबई की जरूरतमंद युवा लड़कियों के साथ फुटबॉल फील्ड पर समय बिताया। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को फुटबॉल के गुर बताने के साथ ही खेल और शिक्षा के जरिए अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। काफू ने मुंबई के 'ड्रीमिंग इन स्लम्स फाउंडेशन' की लड़कियों के साथ समय बिताया। वह उनके साथ एक मैत्री मैच में शामिल हुए।
बच्चों के भविष्य पर रखी राय
इस अवसर पर काफू ने कहा, फुटबॉल बच्चों का बेहतर भविष्य बनाने में मदद करने में एक बड़ी भूमिका निभा सकता है। जो बच्चे फुटबॉल खेलते हैं, उनके लिए मेरी राय है कि उन्हें इसी रास्ते पर चलते रहना चाहिए। खेल दुनिया में सामाजिक जुड़ाव के सबसे बड़े तरीकों में से एक है। खेल आपको भविष्य, शिक्षा और समाजीकरण देता है। यह आपको बहुत सम्मान भी देता है। मुझे लगता है कि स्कूल और फुटबॉल का यह मेल एकदम सही है। बच्चे सामाजिक रूप से शामिल हो सकते हैं और ट्रेनिंग का सम्मान कर सकते हैं। ऐसा तरीका भविष्य के लिए बेहतर है।
युवा खिलाड़ियों से मिलने के बाद काफू खुश दिखे और उनके प्यार और सम्मान से प्रभावित हुए। उन्होंने कहा, यह बहुत बढ़िया था। मुझे ऐसा लग रहा है कि दुनिया मुझसे प्यार करती है। यह बहुत खुशी की बात है। मैंने उन बच्चों से प्यार और सम्मान महसूस किया, जिन्होंने मुझे खेलते हुए लगभग कभी नहीं देखा था। मुझे लगता है कि यह कुछ ऐसा है जिसे समझाया नहीं जा सकता। मैं यहां भारत में आकर बहुत खुश हूं।
काफू बोले- भारत में सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल टीम बनने की क्षमता
ब्राजील के पूर्व कप्तान ने भारत में फुटबॉल के विकास पर कहा, भारत एक ऐसा देश है जो हर साल खेल में, खासकर फुटबॉल में ज्यादा निवेश कर रहा है। मुझे लगता है कि अगर हम निवेश करना और पेशेवर खिलाड़ियों को लाना शुरू कर दें, तो भारत में दुनिया की बेस्ट फुटबॉल टीमों में से एक बनने की बहुत क्षमता है।