फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेड्रो ने 39 की उम्र में फुटबॉल को कहा अलविदा: बार्सिलोना के साथ रचा इतिहास; स्पेन को दिलाया विश्व कप खिताब

Wed, 07 Oct 2026 10:14 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

बार्सिलोना और चेल्सी के पूर्व विंगर पेड्रो रोड्रिग्ज ने 39 साल की उम्र में पेशेवर फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी। अपने करीब दो दशक लंबे करियर में उन्होंने बार्सिलोना के साथ चैंपियंस लीग समेत कई खिताब जीते और स्पेन की टीम के साथ 2010 विश्व कप व 2012 यूरोपीय चैंपियनशिप भी अपने नाम की। पिछले सीजन के बाद लाजियो छोड़ने के बाद वह किसी क्लब से नहीं जुड़े थे।

विज्ञापन
पेड्रो रोड्रिग्ज - फोटो : @_Pedro17_
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बार्सिलोना और चेल्सी के पूर्व विंगर पेड्रो रोड्रिग्ज ने 39 साल की उम्र में पेशेवर फुटबॉल से संन्यास लेने का एलान कर दिया है। स्पेन के इस दिग्गज खिलाड़ी ने अपने शानदार करियर में फीफा विश्व कप, यूरोपीय चैंपियनशिप और यूईएफए चैंपियंस लीग समेत कई बड़े खिताब जीते। पिछले सीजन के अंत में इटली के क्लब लाजियो से अलग होने के बाद पेड्रो किसी अन्य क्लब से नहीं जुड़े थे। अब उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि उन्हें लगा कि यह उनके जीवन में एक नया अध्याय शुरू करने का सही समय है।
विज्ञापन


पेड्रो ने अपने करियर के यादगार पलों का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, 'मुझे लगता है कि अब सही समय आ गया है। यह आगे बढ़ने और अपने जीवन में एक नया अध्याय शुरू करने का समय है। मैं अपने सपनों को पूरा करने और उन सभी लोगों के प्रति गर्व के साथ खेल को अलविदा कह रहा हूं, जो उन्हें सच करने में मेरे साथ थे। मुझे इतना खुश करने के लिए फुटबॉल, तुम्हारा शुक्रिया।'
Trending Videos

17 साल की उम्र में बार्सिलोना से जुड़े
पेड्रो 17 साल की उम्र में टेनेरिफ से बार्सिलोना की युवा अकादमी में पहुंचे थे। उन्होंने क्लब की युवा टीमों से आगे बढ़ते हुए बार्सिलोना बी के लिए खेला और 2007-08 सीजन में पहली टीम के लिए पदार्पण किया। 2009 में उन्होंने बार्सिलोना के सीनियर खिलाड़ी के तौर पर अपना पहला पेशेवर अनुबंध साइन किया।

इसके बाद पेड्रो ने बार्सिलोना की स्टार खिलाड़ियों से सजी टीम में अपनी जगह मजबूत कर ली। 2009-10 सीजन उनके करियर के सबसे खास सत्रों में से एक रहा। वह एक ही सीजन में बार्सिलोना की ओर से खेले गए सभी छह आधिकारिक प्रतियोगिताओं में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने। उन्होंने उस दौरान ला लीगा, कोपा डेल रे, चैंपियंस लीग, स्पेनिश सुपर कप, यूरोपीय सुपर कप और क्लब विश्व कप में गोल किया।
विज्ञापन

चैंपियंस लीग फाइनल में किया यादगार गोल
बार्सिलोना के साथ पेड्रो के करियर का सबसे यादगार पल 2011 में आया। वेम्बली में मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाफ चैंपियंस लीग फाइनल में उन्होंने बार्सिलोना के लिए पहला गोल किया। बार्सिलोना ने यह मुकाबला 3-1 से जीतकर अपना चौथा यूरोपीय खिताब हासिल किया।

चेल्सी के साथ भी जीते बड़े खिताब
2015 में पेड्रो ने बार्सिलोना का साथ छोड़कर इंग्लिश क्लब चेल्सी का रुख किया। वहां भी उन्होंने सफल करियर जारी रखा। इसके बाद उन्होंने इटली के क्लब रोमा और लाजियो के लिए भी खेला। लाजियो में उनका आखिरी सीजन 2024-25 रहा। सीजन खत्म होने के बाद उन्होंने क्लब छोड़ दिया और इसके बाद किसी अन्य टीम से नहीं जुड़े।

स्पेन के साथ जीता विश्व कप और यूरोपीय चैंपियनशिप
पेड्रो का अंतरराष्ट्रीय करियर भी बेहद शानदार रहा। वह स्पेन की उस ऐतिहासिक टीम का हिस्सा थे, जिसने 2010 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित फीफा विश्व कप का खिताब जीता था। इसके अलावा पेड्रो ने 2012 में स्पेन की यूरोपीय चैंपियनशिप जीत में भी अहम भूमिका निभाई। इस तरह उनके करियर में विश्व कप, यूरोपीय चैंपियनशिप और चैंपियंस लीग जैसे फुटबॉल के सबसे प्रतिष्ठित खिताब शामिल रहे। 39 साल की उम्र में संन्यास के साथ पेड्रो ने करीब दो दशक लंबे पेशेवर करियर को अलविदा कह दिया है। बार्सिलोना से लेकर चेल्सी और स्पेन की राष्ट्रीय टीम तक, उन्होंने फुटबॉल की दुनिया में अपनी एक खास पहचान बनाई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें