फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्या मेसी का यह रिकॉर्ड कोई तोड़ पाएगा?: फीफा विश्वकप के टॉप-11 प्लेमेकर्स की लिस्ट, माराडोना-पेले आसपास नहीं

Mon, 20 Jul 2026 05:02 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क

सार

गोल करने वाले खिलाड़ी अक्सर सुर्खियां बटोरते हैं, लेकिन गोल बनाकर देने वाले प्लेमेकर भी इतिहास रचते हैं। फीफा विश्व कप 2026 में माइकल ओलीसे ने एक संस्करण में सबसे ज्यादा असिस्ट का रिकॉर्ड तोड़ा, जबकि कुल असिस्ट के मामले में लियोनेल मेसी अब भी सबसे आगे हैं। जानिए टॉप-11 खिलाड़ियों की पूरी सूची।
विज्ञापन
माराडोना, पेले और मेसी - फोटो : FIFA.COM
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फीफा विश्व कप में गोल करने वाले खिलाड़ियों की जितनी चर्चा होती है, उतनी ही अहम भूमिका उन खिलाड़ियों की भी होती है जो अपने साथियों के लिए गोल बनाने का काम करते हैं। असिस्ट किसी भी टीम की आक्रामक रणनीति का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।

विज्ञापन


विश्व कप के 96 साल के इतिहास में कई महान खिलाड़ियों ने अपनी रचनात्मकता से अलग पहचान बनाई, लेकिन कुल असिस्ट के मामले में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी सबसे ऊपर हैं। विश्व कप 2026 के दौरान फ्रांस के माइकल ओलीसे ने एक संस्करण में सबसे ज्यादा असिस्ट का नया रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रच दिया। हालांकि कुल असिस्ट के मामले में मेसी अब भी सबसे आगे हैं।

मेसी सबसे आगे, हर दौर में दिखाई प्लेमेकिंग की कला
लियोनल मेसी सिर्फ गोल करने के लिए ही नहीं बल्कि अपने साथियों के लिए मौके बनाने में भी बेजोड़ रहे हैं। छह विश्व कप खेल चुके मेसी ने अब तक 31 मुकाबलों में 21 गोल करने के साथ 12 असिस्ट भी किए हैं, जो विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा हैं।

मेसी ऐसे इकलौते खिलाड़ी हैं जिन्होंने पांच अलग-अलग विश्व कप संस्करणों में असिस्ट दर्ज किया है। 2022 विश्व कप में उन्होंने सात गोल और तीन असिस्ट के दम पर अर्जेंटीना को तीसरा विश्व खिताब दिलाया था। 2026 में भी उन्होंने अपनी रचनात्मकता बरकरार रखते हुए रिकॉर्ड को और मजबूत किया।

माइकल ओलीसे ने तोड़ा पेले का 56 साल पुराना रिकॉर्ड
विश्व कप 2026 के तीसरे स्थान के मुकाबले में भले ही फ्रांस को इंग्लैंड से 6-4 से हार मिली, लेकिन माइकल ओलीसे ने इतिहास रच दिया। बायर्न म्यूनिख के इस स्टार विंगर ने किलियन एम्बाप्पे के दोनों गोल में असिस्ट कर टूर्नामेंट में अपने कुल असिस्ट की संख्या सात पहुंचा दी। इसके साथ ही उन्होंने 1970 विश्व कप में पेले द्वारा बनाए गए एक संस्करण में छह असिस्ट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। यह रिकॉर्ड 56 वर्षों तक कायम था। हालांकि कुल विश्व कप असिस्ट के मामले में ओलीसे अभी भी मेसी से पांच असिस्ट पीछे हैं। अगर ओलीसे आगे विश्वकप खेलते हैं तो मेसी का रिकॉर्ड जरूर खतरे में पड़ सकता है।

विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा असिस्ट

खिलाड़ी देश विश्व कप असिस्ट
माइकल ओलीसे फ्रांस 2026 7
पेले ब्राजील 1970 6
थॉमस हैसलर जर्मनी 1994 5
पिएरे लिटबार्स्की जर्मनी 1982 5
रॉबर्ट गाडोचा पोलैंड 1974 5

माराडोना की जादुई पासिंग आज भी यादगार
अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी डिएगो माराडोना कुल आठ असिस्ट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। 1986 विश्व कप में उनका प्रदर्शन फुटबॉल इतिहास के सबसे शानदार अभियानों में गिना जाता है। उन्होंने उस टूर्नामेंट में पांच गोल और पांच असिस्ट किए थे। फाइनल में जॉर्ज बुरुचागा को दिया गया उनका निर्णायक पास आज भी विश्व कप इतिहास के सबसे बेहतरीन असिस्ट में गिना जाता है।

जर्मनी का दबदबा, सूची में पांच खिलाड़ी
विश्व कप के सर्वश्रेष्ठ प्लेमेकरों की सूची में जर्मनी का दबदबा साफ दिखाई देता है। पिएरे लिटबार्स्की (7), उवे सीलर (6), थॉमस मुलर (6), बास्टियन श्वाइनस्टाइगर (6) और थॉमस हैसलर (6) इस सूची में शामिल हैं।
इन खिलाड़ियों ने अलग-अलग दौर में जर्मनी की सफलताओं में अहम भूमिका निभाई और अपनी सटीक पासिंग तथा खेल को नियंत्रित करने की क्षमता से विश्व फुटबॉल में खास पहचान बनाई।

पेले और बेकहम भी लिस्ट में
 
  • ब्राजील के महान खिलाड़ी पेले के नाम आधिकारिक आंकड़ों में छह असिस्ट दर्ज हैं। हालांकि कई फुटबॉल विशेषज्ञों का मानना है कि उनके वास्तविक असिस्ट इससे अधिक थे। पेले तीन विश्व कप जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी भी हैं।
  • इंग्लैंड के डेविड बेकहम भी छह असिस्ट के साथ इस सूची में शामिल हैं। उन्होंने 1998, 2002 और 2006 विश्व कप में इंग्लैंड के लिए शानदार प्रदर्शन किया और तीन अलग-अलग विश्व कप में गोल करने वाले पहले अंग्रेज खिलाड़ी भी बने।

विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा असिस्ट करने वाले खिलाड़ी
खिलाड़ी देश कुल असिस्ट
लियोनल मेसी अर्जेंटीना 12
डिएगो माराडोना अर्जेंटीना 8
माइकल ओलीसे फ्रांस 7
ग्रेजगोर्ज लाटो पोलैंड 7
पिएरे लिटबार्स्की जर्मनी 7
उवे सीलर जर्मनी 6
थॉमस मुलर जर्मनी 6
बास्टियन श्वाइनस्टाइगर जर्मनी 6
थॉमस हैसलर जर्मनी 6
पेले ब्राजील 6
डेविड बेकहम इंग्लैंड 6
विज्ञापन

विश्व कप में गोल जितने अहम होते हैं, उतने ही महत्वपूर्ण उन्हें बनाने वाले खिलाड़ी भी होते हैं। माइकल ओलीसे ने एक संस्करण में नया इतिहास रच दिया है, लेकिन कुल असिस्ट के मामले में लियोनल मेसी अब भी सबसे ऊपर हैं। आने वाले वर्षों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कोई खिलाड़ी अर्जेंटीना के इस महान फुटबॉलर के रिकॉर्ड तक पहुंच पाता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें