मेसी ने कैसे दागे तीन गोल?
- मेसी ने मैच के 17वें मिनट में जादुई गोल दागा। उन्होंने बॉक्स के बाहर से बेहतरीन शूट लिया और अल्जीरिया के गोलकीपर को छकाते हुए गोल दागा। यह फीफा विश्वकप में मेसी का 14वां गोल रहा।
- फिर 60वें मिनट में लियोनल मेसी ने अपना दूसरा गोल दागा। गोल की शुरुआत एलेक्सिस मैक एलिस्टर के दमदार दूरदराज के शॉट से हुई, जिसे अल्जीरिया के गोलकीपर लुका जिदान पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सके। रिबाउंड पर सबसे पहले पहुंचे मेसी ने बेहद शांत अंदाज में गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया और अर्जेंटीना की बढ़त 2-0 कर दी।
- मेसी ने 76वें मिनट में अपना तीसरा गोल दागते हुए अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले को पूरी तरह अर्जेंटीना के पक्ष में कर दिया। शानदार टीम मूव के बाद मेसी को बॉक्स के बाहर गेंद मिली और उन्होंने अपने पसंदीदा बाएं पैर से सटीक शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया।
मेसी ने की रिकॉर्ड्स की बारिश
फीफा विश्व कप 2026 में अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाकर लियोनल मेसी ने सिर्फ अर्जेंटीना को जीत नहीं दिलाई, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी कई नए पन्ने जोड़ दिए। मेसी के नाम ऐसे कई रिकॉर्ड दर्ज हो गए हैं, जिन्हें तोड़ना आने वाले वर्षों में किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होगा। आइए इस मैच में उतरते ही मेसी के बनाए 10 रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं
1. विश्व कप इतिहास में संयुक्त रूप से सर्वाधिक गोल
अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक के बाद मेसी के नाम विश्व कप में 16 गोल हो गए हैं। उन्होंने जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी
| खिलाड़ी |
देश |
गोल |
| मिरोस्लाव क्लोज |
जर्मनी |
16 |
| लियोनल मेसी |
अर्जेंटीना |
16* |
| रोनाल्डो |
ब्राजील |
15 |
| किलियन एमबाप्पे |
फ्रांस |
14 |
| गेर्ड मुलर |
पश्चिम जर्मनी |
14 |
| जस्ट फोंटेन |
फ्रांस |
13 |
| पेले |
ब्राजील |
12 |
2. 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले तीसरे फुटबॉलर
कैनसस सिटी के एरोहेड स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मेसी कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व कर रहे थे। अर्जेंटीना की जर्सी में यह मेसी का 200वां मुकाबला रहा। इस दौरान उन्होंने अर्जेंटीना को 2022 विश्व कप, 2021 और 2024 कोपा अमेरिका और 2022 फिनालिसिमा का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। मेसी से पहले केवल दो पुरुष फुटबॉलर ही 200 अंतरराष्ट्रीय मैचों का आंकड़ा छू पाए थे। अब अर्जेंटीना के कप्तान भी इस विशिष्ट सूची में शामिल हो गए हैं। यही कारण है कि अर्जेंटीना के कोच लियोनल स्कालोनी ने इस मैच को पूरी दुनिया के लिए खास बताया था। स्कालोनी ने मैच से पहले कहा था कि सिर्फ अर्जेंटीना ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया मेसी को खेलते हुए देखना चाहती है। उनका प्रभाव दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों पर पड़ता है। और यह बात सच साबित हुई है।
सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले फुटबॉलर
| खिलाड़ी |
देश |
मैच (कैप्स) |
| क्रिस्टियानो रोनाल्डो |
पुर्तगाल |
228 |
| बदेर अल-मुतावा |
कुवैत |
202 |
| लियोनल मेसी |
अर्जेंटीना |
200* |
| लुका मॉड्रिच |
क्रोएशिया |
198 |
| सोह चिन आन |
मलेशिया |
195 |
3. छह विश्व कप खेलने वाले पहले खिलाड़ी
मेसी 2006, 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026 विश्व कप में हिस्सा लेने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए हैं। पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी इस उपलब्धि की बराबरी करने की दहलीज पर हैं।
सर्वाधिक विश्व कप टूर्नामेंट में शामिल खिलाड़ी
| खिलाड़ी |
देश |
टूर्नामेंट
(स्क्वॉड का हिस्सा रहे) |
खेले टूर्नामेंट |
| लियोनल मेसी |
अर्जेंटीना |
6 |
6 |
| क्रिस्टियानो रोनाल्डो |
पुर्तगाल |
6* |
5 |
| गुइलेर्मो ओचोआ |
मैक्सिको |
6* |
3 |
| एंटोनियो कार्वाजाल |
मैक्सिको |
5 |
5 |
| आंद्रेस गार्डाडो |
मैक्सिको |
5 |
5 |
| राफेल मार्केज |
मैक्सिको |
5 |
5 |
| लोथार मैथाउस |
जर्मनी |
5 |
5 |
4. विश्व कप में सबसे उम्रदराज हैट्रिक लगाने वाले खिलाड़ी
38 वर्ष 357 दिन की उम्र में मेसी ने यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 2018 में स्पेन के खिलाफ हैट्रिक लगाने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो का रिकॉर्ड तोड़ा।
5. विश्व कप में सबसे ज्यादा मैच कप्तान के रूप में
मेसी 20 विश्व कप मैचों में अर्जेंटीना की कप्तानी कर चुके हैं। इस मामले में उन्होंने राफेल मार्केज (17) और डिएगो माराडोना (16) को पीछे छोड़ रखा है।
विश्व कप में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी
| खिलाड़ी |
देश |
कप्तान के
रूप में मैच |
| लियोनल मेसी |
अर्जेंटीना |
20 |
| राफेल मार्केज |
मेक्सिको |
17 |
| डिएगो माराडोना |
अर्जेंटीना |
16 |
6. पहले और आखिरी विश्व कप गोल के बीच सबसे लंबा अंतर
मेसी ने अपना पहला विश्व कप गोल 2006 में किया था और 2026 में भी गोल कर रहे हैं। उनके पहले और सबसे हालिया विश्व कप गोल के बीच 20 साल का अंतर है, जो एक रिकॉर्ड है।
पहले और आखिरी विश्व कप गोल के बीच सबसे लंबा अंतर
| खिलाड़ी |
अंतर |
| लियोनल मेसी |
20 वर्ष |
| क्रिस्टियानो रोनाल्डो |
16 वर्ष 160 दिन |
7. अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा विश्व कप गोल
मेसी के नाम अब 16 विश्व कप गोल हैं। उनके बाद गैब्रियल बतिस्तूता 10 गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
अर्जेंटीना के लिए विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी
| खिलाड़ी |
गोल |
| लियोनल मेसी |
16 |
| गैब्रियल बतिस्तूता |
10 |
| डिएगो माराडोना |
8 |
| गिलेर्मो स्टाबिले |
8 |
| मारियो केम्पेस |
6 |
| गोंजालो हिगुआइन |
5 |
8. विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा सफल ड्रिब्लिंग
मेसी विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा सफल ड्रिब्ल्स करने वाले खिलाड़ी हैं। 2014 विश्व कप में उनके 46 सफल टेक-ऑन आज भी एक संस्करण में तीसरे सबसे ज्यादा हैं।
विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा सफल ड्रिब्ल्स
| खिलाड़ी |
विश्व कप संस्करण |
सफल ड्रिब्ल्स |
| डिएगो माराडोना |
1986 |
53 |
| जैरजिन्हो |
1970 |
47 |
| लियोनल मेसी |
2014 |
46 |
9. एक ही विश्व कप में हर नॉकआउट चरण में गोल
कतर 2022 में मेसी ने ग्रुप स्टेज, राउंड ऑफ 16, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल सभी में गोल किया था। ऐसा करने वाले वह दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी हैं।
एक ही विश्व कप में हर चरण में गोल करने वाले इकलौते खिलाड़ी
| खिलाड़ी |
विश्व कप |
उपलब्धि |
| लियोनल मेसी |
कतर 2022 |
ग्रुप स्टेज, राउंड ऑफ 16, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल में गोल |
कतर 2022 विश्वकप में मेसी के गोल
| चरण |
प्रतिद्वंद्वी |
गोल |
| ग्रुप स्टेज |
सऊदी अरब |
1 |
| ग्रुप स्टेज |
मेक्सिको |
1 |
| ग्रुप स्टेज |
पोलैंड |
- |
| राउंड ऑफ 16 |
ऑस्ट्रेलिया |
1 |
| क्वार्टर फाइनल |
नीदरलैंड |
1 |
| सेमीफाइनल |
क्रोएशिया |
1 |
| फाइनल |
फ्रांस |
2 |
10. पांच अलग-अलग विश्व कप में गोल करने वाले खिलाड़ी
मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो ही ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने पांच अलग-अलग विश्व कप संस्करणों में गोल किए हैं।