क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दो गोल की मदद से पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराया। पुर्तगाल ने पिछले मैच में ड्रॉ खेला था, लेकिन टीम इस मैच में बड़ी जीत दर्ज करने में सफल रही। टीम के लिए रोनाल्डो ने दमदार प्रदर्शन किया। रोनाल्डो ने मैच के बाद 'आई एम बैक', यानी मैं वापस आ गया हूं कहा। रोनाल्डो पिछले मैच में गोल नहीं कर सके थे, लेकिन इस मैच में दमदार प्रदर्शन करने में सफल रहे। उज्बेकिस्तान की टीम का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया। पुर्तगाल के लिए रोनाल्डो के अलावा नूनो मेंडेस और राफेल लियाओ ने एक-एक गोल किए। वहीं, उज्बेकिस्तान के नेमातोव ने आत्मघाती गोल किया।
अंक तालिका का हाल
इसके साथ ही पुर्तगाल ग्रुप के में चार अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है और उसने नॉकआउट के लिए दावा मजबूत कर लिया है। पुर्तगाल के दो मैचों में एक जीत और एक ड्रा से चार अंक हो गए हैं। दूसरे स्थान पर कोलंबिया है जो एक मैच में एक जीत के साथ तीन अंक लेकर दूसरे नंबर पर है। कोंगो डीआर एक अंक के साथ तीसरे और उज्बेकिस्तान दो मैच में दो हार के साथ चौथे स्थान पर है।
रोनाल्डो ने शुरुआत से ही अपनाया आक्रामक रुख
इस मैच में शुरुआत से ही रोनाल्डो ने आक्रामक रुख अपनाया। रोनाल्डो ने उज्बेकिस्तान के खिलाफ शुरुआती मिनट में ही गोल दागा। रोनाल्डो डीआर कांगो के खिलाफ टीम के पिछले मैच में गोल नहीं कर सके थे और इस मैच में उन पर दबाव था। हालांकि, रोनाल्डो ने दबाव को हावी नहीं होने दिया और छठे मिनट में ही गोल दाग कर टीम को बढ़त दिला दी। रोनाल्डो ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पहले ही हाफ में अपना दूसरा गोल दागा। रोनाल्डो ने 39वें मिनट में शानदार गोल किया और उज्बेकिस्तान के खिलाफ टीम को 3-0 से आगे किया। पुर्तगाल के लिए दूसरा गोल नूनो मेंडेस ने 17वें मिनट में किया। रोनाल्डो पहला हाफ समाप्त होने के कुछ सेकेंड पहले अपना तीसरा गोल करने के करीब थे, लेकिन इससे चूक गए।
पुर्तगाल के लिए विश्व कप में किए सबसे ज्यादा गोल
रोनाल्डो इस मैच में दो गोल करने के साथ ही पुर्तगाल के लिए फीफा विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। रोनाल्डो ने जैसे ही दूसरा गोल दागा और इस मामले में आगे निकल गए। रोनाल्डो ने इस मामले में यूसेबियो को पीछे छोड़ा जिन्होंने पुर्तगाल के लिए विश्व कप में नौ गोल किए हैं।
छह विश्व कप में गोल करने वाले एकमात्र खिलाड़ी
रोनाल्डो छह विश्व कप में गोल करने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी बन गए। रोनाल्डो ने पहली बार विश्व कप में गोल करने का कारनामा 2006 में किया था। इसके बाद उन्होंने 2010, 2014, 2018, 2022 और अब अपने छठे विश्व कप संस्करण में भी गोल कर इतिहास रच दिया। इससे पहले कोई भी पुरुष फुटबॉलर लगातार छह अलग-अलग विश्व कप टूर्नामेंट में गोल नहीं कर पाया था।
उज्बेक खिलाड़ी ने किया आत्मघाती गोल
दूसरे हाफ में उज्बेकिस्तान के अब्दुखोदिर खुसानोव ने आत्मघाती गोल किया जिससे पुर्तगाल 4-0 की बढ़त बनाने में सफल रहा। दरअसल, पुर्तगाल के ब्रूनो फर्नांडेस ने कॉर्नर पर किक मारा और गोल पोस्ट के पास खड़े खुसानोव के कंघे से लगते ही गेंद गोल पोस्ट को पार कर गई। इसके बाद पुर्तगाल ने पांचवां गोल कर उज्बेकिस्तान के खिलाफ बढ़त को बेहद मजबूत कर लिया। पुर्तगाल के लिए पांचवां गोल राफेल लियाओ ने 87वें मिनट में किया। उज्बेकिस्तान की टीम अंत तक मैच में एक भी गोल नहीं कर सकी।