फीफा विश्व कप 2026 में पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। डीआर कॉन्गो के खिलाफ ग्रुप-के मुकाबले में 1-1 की निराशाजनक बराबरी के बाद रोनाल्डो की जमकर आलोचना हो रही है। इसी बीच पुर्तगाल के ट्रेनिंग सेशन के दौरान रोनाल्डो का एक वीडियो और व्यवहार चर्चा का विषय बन गया।
ट्रेनिंग सेशन में पत्रकारों को बाहर जाने का किया इशारा
पुर्तगाली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार को पाम बीच गार्डन्स में आयोजित टीम के अभ्यास सत्र के दौरान रोनाल्डो ने पत्रकारों को ट्रेनिंग क्षेत्र छोड़ने का इशारा किया। बताया जा रहा है कि हाइड्रेशन ब्रेक के दौरान रोनाल्डो ने हाथों के इशारों से मीडिया कर्मियों को संकेत दिया कि खुला प्रशिक्षण सत्र समाप्त हो चुका है और अब उन्हें वहां से जाना चाहिए। पुर्तगाल के प्रमुख समाचार पत्र ए बोला (A Bola) ने इस घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि रोनाल्डो पर इस समय काफी दबाव है और टीम के हालिया प्रदर्शन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
रोनाल्डो का प्रदर्शन
- फोटो : ANI/FIFA.COM/Instagram
डीआर कॉन्गो के खिलाफ फीका रहा प्रदर्शन
ग्रुप-के के मुकाबले में पुर्तगाल को डीआर कॉन्गो जैसी अपेक्षाकृत कमजोर टीम के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलना पड़ा। इस मैच में रोनाल्डो पूरे 90 मिनट मैदान पर मौजूद रहे, लेकिन उनके खाते में सिर्फ 25 टच दर्ज हुए। मैच के बाद अधिकांश आलोचनाएं रोनाल्डो पर केंद्रित रहीं।
बढ़ता जा रहा है गोल न करने का रिकॉर्ड
क्रिस्टियानो रोनाल्डो पिछले 10 लगातार बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में गोल करने में नाकाम रहे हैं। विश्व फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में शुमार रोनाल्डो के लिए यह आंकड़ा चिंता का विषय माना जा रहा है। उनकी उम्र और अनुभव को देखते हुए फैंस उनसे बड़े प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।
रूबेन डायस ने किया कप्तान का बचाव
टीम के स्टार डिफेंडर रूबेन डायस ने रोनाल्डो का समर्थन करते हुए कहा कि टीम बाहरी आलोचनाओं से प्रभावित नहीं है। डायस ने कहा,यह हमारे लिए कोई मुद्दा नहीं है। यह सिर्फ शोर-शराबा और चर्चा है, जो खेल का हिस्सा है। आलोचना सिर्फ किसी एक खिलाड़ी की नहीं होती। क्रिस्टियानो सबसे ज्यादा चर्चा में रहते हैं, लेकिन हम सभी आलोचनाओं का सामना करते हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'हम इन बातों से खुद को अलग रखते हैं और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हैं। मेरे यहां आने के बाद से ऐसा हमेशा होता आया है और आगे भी होता रहेगा।'
रोनाल्डो
- फोटो : PTI
अगले मैच पर टिकी होंगी निगाहें
अब पुर्तगाल की टीम अगले मुकाबले में जीत हासिल कर अपने विश्व कप अभियान को पटरी पर लाने की कोशिश करेगी। वहीं, फैंस की नजरें एक बार फिर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के प्रदर्शन पर होंगी, जिनसे टीम को बड़े मंच पर निर्णायक योगदान की उम्मीद है।