पुर्तगाल की ताकत और एक कमजोरी
पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा "पुर्तगाल का आक्रामक अंदाज जीतेगा, खासकर अगर वे तेजी से बदलाव कर सकें और अटैक कर सकें। हालांकि, एक कमजोरी एक सच्चे रक्षात्मक मिडफील्डर की कमी है जो लगातार गेंद जीत सके और खेल को रक्षात्मक से आक्रामक अंदाज में बदल सके। उनके पास बेहतरीन आक्रामक मिडफील्डर, एक बेहतरीन फ्रंटलाइन और दो फुल-बैक हैं जिन्हें अटैक करना पसंद है। उन्हें बस पिच के बीच में किसी ऐसे खिलाड़ी की जरूरत है जो मिडफील्ड को स्थिर कर सके।"
धीमी हो चुकी है क्रोएशिया की टीम, मोड्रिक पर बड़ा दारोमदार
पूर्व दिग्गज भारतीय फुटबॉलर ने कहा कि मौजूदा क्रोएशियाई टीम में पिछली पीढ़ियों जैसी क्वालिटी नहीं है। उन्होंने कहा, "क्रोएशिया एक मजबूत टीम रही है जो हमेशा नतीजे पाने का कोई न कोई तरीका ढूंढ लेती है। हालांकि, मुझे नहीं लगता कि इस बार उनके पास वैसी क्षमता है। उनके पास मोड्रिक जैसे शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन उम्र उनके साथ नहीं है। उन्होंने बहुत पेस खो दी है, और उनका खेल धीमा हो गया है। अगर क्रोएशिया को इस मैच से कुछ हासिल करना है, तो लुका मोड्रिक को ज्यादा असर डालना होगा। पुर्तगाल सिर्फ रोनाल्डो पर निर्भर नहीं है, लेकिन क्रोएशिया को मोड्रिक की तरफ जरूर देखना होगा।"
टोरंटो में कल सुबह भिड़ेंगे दो महान दिग्गज स्टार
पुर्तगाल और क्रोएशिया शुक्रवार की सुबह टोरंटो में राउंड ऑफ 32 में भिड़ेंगे। यह मुकाबला आधुनिक फुटबॉल के दो सबसे बड़े स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लुका मोड्रिक की वजह से भी चर्चा में है। अपना छठा और संभवत: आखिरी विश्व कप खेल रहे दोनों दिग्गज अपनी टीमों को अगले राउंड में ले जाने के लिए पूरी कोशिश करेंगे।
टूर्नामेंट के सफर की बात करें तो पुर्तगाल डीआर कांगो के खिलाफ ड्रॉ, उज्बेकिस्तान पर 5-0 से जीत और कोलंबिया से हार के बाद अपने ग्रुप में दूसरे नंबर पर रहते हुए नॉकआउट में पहुंची है। दूसरी तरफ, क्रोएशिया ने इंग्लैंड से शुरुआती हार के बाद घाना और पनामा पर जीत हासिल करके राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह बनाई है।