फीफा विश्व कप में सोमवार की रात अर्जेंटीना का सामना ग्रुप चरण के मैच में ऑस्ट्रिया से होगा। गत चैंपियन अर्जेंटीना और टीम के स्टार खिलाड़ी लियोनल मेसी ने विश्व कप की दमदार शुरुआत की है। अब मेसी के पास ऑस्ट्रिया के खिलाफ मैच के दौरान बड़ा कीर्तिमान अपने नाम करने का मौका। आइए जानते हैं इसके बारे में...
अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी सोमवार को ऑस्ट्रिया के खिलाफ होने वाले ग्रुप-जे के मुकाबले में फीफा विश्व कप के इतिहास में एक और नया अध्याय जोड़ने की दहलीज पर खड़े हैं। अल्जीरिया के खिलाफ अर्जेंटीना की 3-0 की शानदार जीत में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करने के बाद मेसी इस मुकाबले में उतरेंगे। अल्जीरिया के खिलाफ मेसी ने न सिर्फ अपने करियर का पहला विश्व कप हैट्रिक जमाया, बल्कि अर्जेंटीना के लिए अपना 200वां मैच भी खेला था। उनके इस जादुई प्रदर्शन की बदौलत गत चैंपियन अर्जेंटीना ने अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की थी।
विज्ञापन
अब 38 वर्षीय मेसी की नजरें ऑस्ट्रिया के खिलाफ होने वाले मैच में तीन नए रिकॉर्ड्स अपने नाम करने पर टिकी हैं। अगर मेसी इस मैच में गोल करने में सफल रहे तो वह एक साथ कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। इतना ही नहीं उनके नाम फीफा विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल का रिकॉर्ड भी होगा। आइए जानते हैं वो तीन बड़े रिकॉर्ड जो मेसी अपने नाम कर सकते हैं...
लगातार मैचों में गोल दागने का रिकॉर्ड
लियोनल मेसी ने लगातार पिछले पांच विश्व कप मैचों में गोल दागे हैं। यदि वह ऑस्ट्रिया के खिलाफ एक गोल भी कर देते हैं, तो वह लगातार छह विश्व कप मैचों में गोल करने के सर्वकालिक रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के जाइरजिन्हो के नाम दर्ज है।
विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बनने का मौका
ऑस्ट्रिया के खिलाफ एक गोल करते ही मेसी फीफा विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। इस समय वह 16 गोल के साथ जर्मनी के दिग्गज मिरोस्लाव क्लोस की बराबरी पर हैं। इसके अलावा अगर यह गोल पेनल्टी एरिया के आउटसाइड से आता है तो मेसी विश्व कप इतिहास में बॉक्स के बाहर से सबसे ज्यादा गोल करने का नया रिकॉर्ड भी बना देंगे। मेसी अब तक बॉक्स के बाहर से पांच लॉन्ग-रेंज गोल कर चुके हैं।
फीफा विश्व कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी
खिलाड़ी
देश
गोल
लियोनल मेसी
अर्जेंटीना
16
मिरोस्लाव क्लोस
जर्मनी
16
रोनाल्डो
ब्राजील
15
गर्ड मूलर
पश्चिम जर्मनी
14
किलियन एम्बाप्पे
फ्रांस
14
सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले खिलाड़ी बनने का मौका
अगर सोमवार को होने वाले इस मुकाबले में अर्जेंटीना को जीत मिलती है, तो मेसी के नाम विश्व कप इतिहास में 17वीं जीत दर्ज हो जाएगी। इसी के साथ वह विश्व कप में सबसे ज्यादा मैच जीतने के मिरोस्लाव क्लोस के रिकॉर्ड (17 जीत) की बराबरी कर लेंगे। फिलहाल मेसी ने 16 विश्व कप मैच जीते हैं।
अल्जीरिया के खिलाफ बनाए थे कई कीर्तिमान
अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले में मेसी ने कई कीर्तिमान अपने नाम किए थे। 38 साल 357 दिन की उम्र में वह विश्व कप इतिहास में हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए थे। इस मामले में उन्होंने क्रिस्टियानो रोनाल्डो (2018 विश्व कप) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया था। इसके साथ ही विश्व कप में उनके गोल और असिस्ट (गोल करने में मदद) की कुल संख्या 24 (16 गोल और 8 असिस्ट) पहुंच गई है जो कि एक रिकॉर्ड है।
मेसी के नाम पहले से दर्ज कुछ बेमिसाल रिकॉर्ड्स
27 मैच मेसी ने विश्व कप में खेले हैं जो सर्वाधिक है।
मेसी ने मैदान पर 2394 मिनट बिताए हैं जो सबसे ज्यादा है।
मेसी ने सबसे ज्यादा 12 बार मैन ऑफ द मैच पुरस्कार जीता है।
विश्व कप में मेसी ने 125 सफल ड्रिबल्स किए हैं जो सर्वाधिक है।
ऑस्ट्रिया से मिलेगी चुनौती
भले ही नजरें मेसी के रिकॉर्ड्स पर हों, लेकिन राल्फ रंगनिक के मार्गदर्शन वाली ऑस्ट्रियाई टीम को कम आंकना भूल होगी। ऑस्ट्रिया ने अपने पहले मैच में जॉर्डन को 3-1 से हराकर अभियान की शुरुआत की है और टीम लगातार चार मैच जीत चुकी है। अपने पिछले 12 मैचों में 10 जीत, एक ड्रॉ और महज एक हार के शानदार रिकॉर्ड के साथ ऑस्ट्रियाई टीम अपने मजबूत डिफेंस और निरंतरता के लिए जानी जाती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि जब अर्जेंटीना अपने खिताब को बचाने के लिए एक और कदम आगे बढ़ाएगी, तो क्या मेसी इस इन फॉर्म टीम के खिलाफ एक बार फिर फुटबॉल की दुनिया को अपने नए रिकॉर्ड्स से हैरान कर पाते हैं या नहीं।