मेगन रिपैनो के पेनाल्टी पर किए गए दो गोल की बदौलत मौजूदा चैंपियन अमेरिका ने फीफा महिला फुटबॉल विश्व कप में स्पेन को 2-1 से मात देकर लगातार आठवीं बार अंतिम आठ में प्रवेश कर लिया। जर्मनी के बाद अमेरिका हर विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी।
अमेरिका के लिए रिपैनो ने 7वें और 76वें मिनट में गोल किए। स्पेन के लिए एकमात्र गोल जेनिफर हरमोसो ने नौवें मिनट में किया। वहीं स्वीडन स्टिना ब्लैकस्टोनियस के 55वें मिनट में किए गए एकमात्र गोल से कनाडा को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचा। जहां उसका सामना जर्मनी से होगा। वहीं अमेरिका की भिड़ंत मेजबान फ्रांस से होगी।