फीफा अंडर-17 महिला विश्वकप में मेजबान भारत मंगलवार को यहां 2008 की उपविजेता और महिला फुटबाल में नंबर एक अमेरिका के खिलाफ जब अपना अभियान शुरू करेगा तो उसकी कोशिश इस मजबूत टीम को कड़ी टक्कर देने की होगी।
आज का कार्यक्रम
हम लोग बहुत खुश हैं कि हमारे खिलाफ अमेरिका जैसी मजबूत टीम है। मैच में हम पूरी शक्ति के साथ उतरेंगे। परिणाम के बजाय हमारा ध्यान अपना अच्छा प्रदर्शन करने पर है। - अस्तम ओरांव, भारतीय महिला अंडर-17 कप्तान
कड़ी रही हैं तैयारियां
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट से पहले इटली, नॉर्वे और स्पेन का दौरा किया है। हालांकि उसने यूरोप और दक्षिण अमेरिका की मजबूत टीमों के खिलाफ नहीं खेला है। मुख्य कोच डेनेर्बी ने कहा, ‘अमेरिका का पलड़ा भारी होगा लेकिन कागजों पर। फुटबाल 90 से 95 मिनट तक खेला जाता है और हम अमेरिका को हरा सकते हैं। हमने कड़ी तैयारी की है और हम इस टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।’
खेल मंत्री की अपील को सोशल मीडिया पर समर्थन
अंडर-17 महिला फुटबाल विश्वकप को समर्थन देने के लिए केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोशल मीडिया पर ‘किक ऑफ द ड्रीम’ अभियान को आगे बढ़ाया। उन्होंने केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू, ओलंपिक स्वर्ण विजेता नीरज चोपड़ा और अभिनेता अजय देवगन को टैग किया। रिजिजू ने खेल मंत्री का आभार जताया। उन्होंने पीवी सिंधू, मणिपुर के सीएम एन बिरेन सिंह, अक्षय कुमार से अपील की। अक्षय, बिरेन सिंह ने भी अपना समर्थन दिया।