टूर्नामेंट में जीत के प्रबल दावेदार मानी जा रही ब्राजील ने शुक्रवार को अपने चिर परिचित अंदाज में खेलते हुए नाइजर को 2-0 से मात दी। इस जीत के साथ ही ब्राजील ग्रुप डी में तीन जीत के साथ पहले पायदान पर रही। तीन बार की अंडर-17 विश्वकप विजेता ब्राजील ने आक्रामक अंदाज में मैच की शुरुआत की और चौथे ही मिनट में लिंकन के गोल के साथ 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद 34वें मिनट में ब्रेनर ने गोल कर ब्राजील की बढ़त को दुगना कर दिया। हाफ टाइम में ब्राजील 2-0 से आगे थी। इसके बाद मैच में और कोई गोल नहीं हुआ और ब्राजील ने मैच अपने नाम कर लिया।
गोवा के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में ब्राजील के क्लासिकल खेल की झलक देखने आए दर्शकों को निराश नहीं होना पड़ा और पहले हाफ में ब्राजील ने शानदार खेल दिखाया। इस जीत के साथ ही टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में ब्राजील ने अपनी शत प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड बरकरार रखा है। हार के बावजूद नाइजर राउंड ऑफ 16 में पहुंचने में सफल हो गई है।