फीफा अंडर-17 विश्वकप के दूसरे सेमीफाइनल में यूरोपियन पावर हाउस स्पेन का टिकी-टका स्टाइल माली की आक्रामक शैली पर भारी पड़ा। स्पेन ने पिछली बार की उपविजेता माली का लगतार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने का सपना तोड़ दिया। मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में स्पेन ने माली को 3-1 के अंतर से मात दी। 28 अक्टूबर को कोलकाता में स्पेन और इंग्लैंड के बीच खिताबी जंग होगी।
स्पेन ने शानदार खेल दिखाते हुए 19वें मिनट में पहला गोल कर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। अबेल रुइज़ ने एक बार फिर पेनल्टी को गोल में तबदील कर अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिला दी। इसके बाद स्पेन के लिए 43वें मिनट में सेजार और रुइज की जुगलबंदी ने स्पेन के लिए दूसरे गोल का रास्ता बनाया। सेजार ने रुइज को पास दिया और उन्होंने गेंद को गोल पोस्ट तक पहुंचाने में कोई गलती नहीं की। इस गोल के साथ स्पेन ने पहले हाफ का अंत 2-0 की बढ़त के साथ किया। माली ने पहले हाफ में गोल के कई मौके बनाए लेकिन उन्हें गोल में तब्दील करने में नाकाम रहे।
दूसरे हाफ की शुरुआत में दोनों में से कोई टीम गोल नहीं कर सकी। लेकिन 71वें मिनट में टोर्रेस ने तीसरा गोल कर माली के फाइनल में पहुंचने के रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया। इस गोल के तीन मिनट बाद माली मैच में अपना पहला गोल करने में कामयाब हुई। लैसान नादिया ने माली के लिए सेमीफाइनल का इकलौता गोल किया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी था। अंतिम 15 मिनट में 2 गोल कर मैच में बराबरी करने की माली के सामने चुनौती थी लेकिन वह उस चुनौती से पार नहीं पा सकी। माली ने 29 बार गेंद को गोल पोस्ट के पार पहुंचाने की कोशिश की लेकिन केवल एक बार सफल हो सकी। वहीं स्पेन ने 10 बार गोल पर गेंद दागी जिसमें से तीन बार गोल पोस्ट को पार करने में सफल हुई।
इसके साथ ही स्पेन ने फाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उसका मुकाबला इंग्लैंड से होगा। इससे एक बात तो निश्चित हो गई है कि अंडर-17 विश्वकप का खिताब इस बार नई टीम के सिर सजेगा। वहीं तीसरे स्थान के लिए माली और ब्राजील के बीच 28 तारीख को भिडंत होगी।