ब्राजील ने जब पिछले मैच में दक्षिण कोरिया को एकतरफा 4-1 से हराया था तो क्रोएशिया के कोच जेलेटको डेलिच ने पांच बार की चैंपियन ब्राजीली टीम को खतरनाक करार दिया था। अब वही खतरनाक टीम शुक्रवार को क्रोएशिया के सामने होगी। दोनों टीमों ने चार मैच खेले हैं जिसमें तीन ब्राजील जीता है और एक ड्रॉ रहा है। विश्कप में दोनों टीमों में दो मैच हुए हैं जिसमें 2006 में ब्राजील 1-0 से जीता और 2014 में 3-1 से हराया।दुनिया की नंबर एक टीम ब्राजील में स्टार स्ट्राइकर नेमार टखने की चोट से फिट होकर लौट चुके हैं। इसके अलावा प्रमुख रक्षक खिलाड़ी डेनिलो की भी वापसी हो चुकी है।
नंबर गेम
2014 में दोनों टीमों के बीच भिड़ंत हुई थी जिसमें 3-1 की जीत में नेमार ने दो गोल किए थे
तीन पेनाल्टी शूटआउट का सामना किया है क्रोएशिया ने विश्वकप में और सभी में जीत मिली है। 2018 में उसने डेनमार्क को अंतिम-16 और मेजबान रूस को क्वार्टर फाइनल में हराया था।
आठ साल बाद सेमीफाइनल में पहुंचने की कोशिश करेगा अर्जेंटीना
सुपरस्टार फॉरवर्ड लियोनल मेसी की टीम अर्जेंटीना का सामना शुक्रवार को फीफा विश्वकप के क्वार्टर फाइनल में नीदरलैंड से होगा। अपना आखिरी विश्वकप लियोनल मेसी पर सभी की निगाहें लगी होंगी जिनके दम पर अर्जेंटीना क्वार्टर फाइनल तक पहुंचा है। विश्वकप में अर्जेंटीना सफर अच्छा नहीं रहा था और टीम सऊदी अरब के खिलाफ उलटफेर का शिकार होना पड़ा था। इसके बाद टीम ने अपने प्रदर्शन में सुधार किया और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। 35 साल के मेसी इस विश्वकप में चार मैचों में तीन गोल कर चुके हैं और क्वार्टर फाइनल में भी उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। मेसी की टीम इससे पहले सेमीफाइनल में 2014 में पहुंची थी जहां वह उपविजेता रही थी।
वहीं, अर्जेंटीना को नीदरलैंड से कड़ी चुनौती मिलेगी। नीदरलैंड की टीम किसी को भी हराने का दमखम रखती है। मेसी ने भी कहा था कि एक और मुश्किल मैच सामने है। नीदरलैंड की टीम 2014 विश्वकप में अर्जेंटीना से मिली पिछली हार का बदला लेना चाहेगी। अर्जेंटीना ने 2014 में सेमीफाइनल में नीदरलैंड को पेनाल्टी शूटआउट में हरा दिया था।