फीफा अंडर-17 विश्वकप के उद्धाटन समारोह में पीएम मोदी
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल की रेगुलेटरी बॉडी फीफा के अध्यक्ष जियानी इन्फेनटिनो ने अंडर-17 फुटबॉल विश्व कप के सफल आयोजन के लिए भारत को बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखे अपने पत्र में इन्फेनटिनो ने लिखा, फीफा परिषद भारत से नई दोस्ती और कई संस्मरणीय यादों के साथ कोलकाता में हुए विश्व कप के फाइनल के बाद ज्यूरिख लौट आया है। मैं भारत सरकार को अंडर-17 फुटबॉल विश्व कप के सफल आयोजन के लिए बधाई देता हूं।
उन्होंने पत्र में आगे लिखा, इसके साथ ही सरकार की स्थानीय आयोजन समिति, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए छह मेजबान शहर नई दिल्ली, नवी मुम्बई, गोवा, कोच्चि, गुवाहाटी और कोलकाता के साथ मिलकर अथक प्रयास किया और प्रतियोगिता को सफल बनाया। दुर्भाग्यवश दिल्ली में हुए उद्घाटन मैच में मैं उपस्थित न हो सका और आपसे (प्रधानमंत्री मोदी) न मिल सका इसका मुझे खेद है। हालांकि हम भविष्य में अच्छी योजनाओं के साथ जल्द ही मिलेंगे।
इन्फेनटिनो ने आगे लिखा कि मैं भारतीय फुटबॉल संघ (एआईएफएफ) को भी प्रशंसा करता हूं, जो भारत में फुटबॉल को आगे ले जाने के लिए शानदार काम कर रहे हैं। जिसमें 'मिशन 11 मिलियन' और कोलकाता में स्थित एआईएफएफ नेशनल सेंटर ऑफ एक्सिलेंस प्रमुख है।
शानदार आयोजन के साथ-साथ भारतीय दर्शकों ने भी चीन को पीछे छोड़ दिया और बड़ी संख्या में मैच देखने स्टेडियम में उमड़े। 1985 में पहली बार आयोजित अंडर-17 वर्ल्ड कप देखने मैदान पर 1,230,976 दर्शक आए थे। फीफा द्वारा फाइनल के बाद जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार भारत में कुल 1,347,133 दर्शक मैदान पर पहुंचे। ये एक नया रिकॉर्ड है। हालांकि गुवाहाटी में इंग्लैंड और ब्राजील के बीच होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले को कोलकाता स्थानांतरित किया जाना खेदजनक रहा लेकिन बावजूद इसके भारत में टूर्नामेंट का आयोजन सराहनीय रहा।
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में पहली बार फाइनल खेल रही इंग्लैंड ने कोलकाता में दर्शकों से खचाखच भरे विवेकानंद युवाभारती क्रीड़ांगन में स्पेन को शानदार तरीके से मात दी थी। पहले हाफ में दो गोल से पिछड़ने के बाद दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने शानदार खेल दिखाते हुए 5-2 के अंतर से विश्वखिताब अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट में ब्राजील तीसरे स्थान पर रही।