वैश्विक फुटबॉल संस्था गियानी इन्फेंटिनो ने उम्मीद जाहिर की है कि गुफा में फंसी थाईलैंड के बच्चों की फुटबॉल टीम को जल्द ही सुरक्षित निकाल लिया जाएगा। फीफा ने इन बच्चों को 15 जुलाई को होने वाले विश्व कप फाइनल के लिए निमंत्रण भेजा है।
थाईलैंड की अंडर-16 टीम के 12 बच्चे और 25 वर्षीय कोच थाम लिआंग प्रांत में 23 जून से अंधेरी और संकरी गुफा परिसर में फंसे हुए हैं। माना जा रहा है कि ट्रेनिंग के बाद उन्होंने भारी बारिश के चलते गुफा में शरण ली थी लेकिन बाद में गुफा का प्रवेश द्वार अवरुद्ध हो गया। बचाव कार्य लगातार जारी है। फीफा अध्यक्ष इन्फेंटिनो ने थाईलैंड फुटबॉल संघ को लिखा कि जैसा कि हम सब उम्मीद कर रहे हैं कि वे बच्चे जल्द ही अपने परिवारों के पास सकुशल लौटेंगे और उनका स्वास्थ्य उन्हें रूस की यात्रा करने की अनुमति देगा तो फीफा उन्हें विश्व कप फाइनल में आमंत्रित कर बेहद खुशी महसूस करेगा। मुझे बिल्कुल यकीन है कि वे फाइनल में हमारे विशेष अतिथि होंगे।
फुटबॉल जगत ने सराहा, बड़े बहादुर हैं बच्चे
विश्व कप के दौरान इस हादसे ने खिलाड़ियों का भी ध्यान खींचा है। इंग्लैंड के डिफेंडर जॉन स्टोन्स ने कहा कि मेरी इस बारे में अपने साथी खिलाड़ियों से चर्चा हुई है। यह बहुत दुखद है। मुझे उम्मीद है कि उन्हें जल्द आपदा से सकुशल बचा लिया जाएगा। जापान की टीम ने उनके समर्थन में एक वीडियो जारी किया है। ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर रोनाल्डो इस स्थिति बेहद भयानक बताया है। रोनाल्डो ने कहा कि फुटबॉल की दुनिया यह दुआ करती है कि उनको वहां से निकालने की जल्द ही कोई सूरत बनेगी। लिवरपूल के कोच जुर्गेन क्लोप ने वीडियो मैसेज में कहा कि मजबूत बने रहो, हम तुम्हारे साथ है। हम हर सेकंड यह उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही आप गुफा के अंधेरे से निकलकर उजाले में आ जाओगे। हम सब बेहद आशावान हैं।