सुपर स्टार रोनाल्डो की मौजूदगी के बावजूद पुर्तगाल वर्ल्ड कप में बने रहने के लिए संघर्ष कर रहा है और अंतिम लीग मैच में घाना को बड़े अंतर से हराना होगा।
वर्ल्ड प्लेयर आफ द ईयर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की फिटनेस को लेकर संशय के बीच पुर्तगाल को ग्रुप-जी के आखिरी मुकाबले में गुरुवार को ब्रासीलिया में घाना के खिलाफ उतरना होगा।
हालांकि पुर्तगाल के लिए राह बिल्कुल आसान नहीं है और उसे न सिर्फ घाना को बड़े गोल अंतर से हराना होगा बल्कि यह भी उम्मीद करनी होगी कि अमेरिका और जर्मनी का मैच ड्रॉ में समाप्त न हो।
रियल मैड्रिड के लिए चैंपियंस लीग जीतने के बाद वर्ल्ड कप में रोनाल्डो का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है और वह अभी तक एक भी गोल नहीं कर सके हैं। रोनाल्डो के घुटने में चोट है और उनका अगले मैच में खेलना फिलहाल सुनिश्चित नहीं है।
पिछले मैच में पुर्तगाल ने अमेरिका के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला था जिससे उसके एक अंक मिला था। पुर्तगाल को फिलहाल टूर्नामेंट से बाहर नहीं किया जा सकता है, लेकिन रोनाल्डो का मानना है कि उनकी टीम के लिए जीतना असंभव है।
पुर्तगाल और घाना की टीमों के पास एक-एक अंक है जबकि जर्मनी और अमेरिका के चार-चार अंक हैं और यदि इनका मैच ड्रॉ पर खत्म होता है तो पुर्तगाल और घाना के पास नॉकआउट दौर में पहुंचने का एक मौका रहेगा और यदि ऐसा नहीं होता है तो गोल का अंतर अंतिम-16 में पहुंचने वाली टीम के भाग्य का फैसला करेगा।
जर्मनी का गोल औसत 4 है जबकि अमेरिका का एक है। इसके अलावा घाना ने 3 गोल किए हैं और 4 खाए हैं जबकि पुर्तगाल ने 6 गोल खाए हैं और केवल 4 किए हैं। इसलिए जर्मनी की जीत उसके लिए बेहतर साबित हो सकती है।