जर्मनी के गोलकीपर मैनूएल नूएर कंधे की चोट से पूरी तरह उबर गए हैं और वह पुर्तगाल के खिलाफ टीम के पहले मुकाबले में खेलने के लिए तैयार हैं।
टीम के गोलकीपिंग कोच एंद्रियास कोएप्के ने यह जानकारी देते हुए कहा, "उनकी चोट में वाकई अब काफी सुधार है और वह खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"
28 वर्षीय नूएर को चार हफ्ते पहले बेयर्न म्यूनिख की ओर से खेलते हुए जर्मन कप के फाइनल में चोट लग गई थी।
जर्मनी वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत ग्रुप ‘जी’ में सल्वाडोर में सोमवार से शुरू करेगा।
क्षुब्ध टेवेज नहीं देखेंगे वर्ल्ड कप
अर्जेंटीनी खिलाड़ी कार्लोस टेवेज ने स्वीकार किया कि वह कोच एलेजांद्रो साबेला द्वारा चयन नहीं किए जाने के सदमे से अब तक नहीं उबरे हैं। यही कारण है कि उन्होंने इस बार टूर्नामेंट का कोई भी मैच नहीं देखने का फैसला किया है।
टेवेज ने कहा, "मैं कुछ भी नहीं देखूंगा। मैं यह भी नहीं जानना चाहूंगा कि टीम कैसा खेल रही है। मैं टीम के बारे में कुछ सुनना भी नहीं चाहूंगा। टूर्नामेंट के दौरान मैं अपना पूरा समय परिवार के साथ बिताऊंगा और गोल्फ खेलूंगा। एक फुटबॉलर होने के नाते मैं बेहद आहत हूं।"