फीफा वर्ल्ड कप के उद्घाटन समारोह में पहला किक शरीर के निचले हिस्से में लकवे से पीड़ित (पैराप्लेजिक) लगाएगा।
यह पीड़ित आयरन मैन की तरह बॉडी सूट पहना होगा और दिमाग की सिगनल से नियंत्रित होगा। ब्राजील के डॉक्टर मिगुएल निकोलेलिस ने दुनियाभर के 156 डॉक्टरों के साथ मिलकर इक्सोस्केलेटन बनाया है जो लकवा पीड़ितों को चलने के लिए प्रेरित करेगा।
हालांकि उद्घाटन समारोह के इस विशेष व्यक्ति का पहचान अब तक गुप्त रखा गया है लेकिन वह समारोह में अपनी व्हीलचेयर से उतरकर सीधे गेंद में शॉट लगाएगा।
उरुग्वे को झटका, सुआरेज के खेलने पर संशय
घुटने के ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे उरुग्वे को पिछले वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल में पहुंचाने वाले स्टार स्ट्राइकर लुई सुआरेज के टूर्नामेंट में खेलने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
उरुग्वे के कोच आस्कर तबारेज ने कहा, "सुआरेज की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है और वह बेहद आशावान हैं। हमने उनके लिए कोई समयसीमा नहीं रखी है और मैं नहीं जानता कि वह पहला मैच में खेलेंगे या दूसरे में या फिर तीसरे में। अगर मेरे हाथ में होता तो सुआरेज कल ही खेल रहे होते।"
दक्षिण अमेरिकी टीम उरुग्वे को ग्रुप-डी में रखा गया है और वह कोस्टारिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
'डिफेंस है ब्राजील की ताकत'
रिकॉर्ड पांच बार की विजेता टीम ब्राजील के महान खिलाड़ी पेले ने कहा कि मेजबान टीम की टूर्नामेंट में इस बार सबसे बड़ी ताकत उसका डिफेंस होगा।
पेले ने कहा, "ब्राजील के इतिहास में यह पहली बार होगा जब उसका डिफेंस उसके अटैक से ज्यादा बेहतर साबित होगा। हमारे मिडफील्डर न सिर्फ शानदार हैं बल्कि वे बहुत ही संतुलित भी हैं।"
उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि हम मिडफील्ड और फारवर्ड में भी संतुलन बना सकेंगे। हालांकि गोल करने की जिम्मेदारी स्ट्राइकर नेमार पर रहेगी क्योंकि बार्सिलोना के इस खिलाड़ी ने ब्राजील के लिए कई बार अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है।"