रोमेलू लुकाकु ने एक गोल किया जबकि दूसरे गोल में मदद की, जिससे इंटर मिलान ने बायर्न लीवरक्युसेन को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। लुकाकु के शानदार प्रदर्शन की बदौलत इंटर ने लीवरक्युसेन के डिफेंस को ध्वस्त किया और नौ साल में पहली यूरोपीय ट्रॉफी जीतने की ओर कदम बढ़ाए।
इंटर की टीम पिछली बार यूरोपीय लीग के सेमीफाइनल में चैंपियंस लीग के दौरान 2010 में खेली थी, जब टीम ने खिताब जीता था। इंटर को निकोलो बारेला ने 15वें मिनट में बढ़त दिलाई, जिन्होंने रिबाउंड होकर आए लुकाकु के शॉट को गोल में बदला। लुकाकु ने इसके छह मिनट बाद एश्ले यंग के साथ शानदार मूव बनाते हुए गोल दागा और इंटर को 2-0 से आगे कर दिया।
लुकाकु के गोल के चार मिनट बाद ही काई हावर्ट्ज ने लीवरक्युसेन की ओर से गोल दागकर इंटर की बढ़त को कम किया, लेकिन अपनी टीम को हार से नहीं बचा पाए।