फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उरुग्वे जीता, इंग्लैंड का सफर लगभग खत्म

विज्ञापन
विज्ञापन
फ़ुटबॉल विश्व कप से इंग्लैंड की टीम की लगभग विदाई हो गई है। गुरुवार को हुए एक बेहद रोमांचक मैच में उरुग्वे ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट में ज़बर्दस्त वापसी की। अब इंग्लैंड को अपना आख़िरी मैच कोस्टारिका के ख़िलाफ़ अच्छे अंतर से जीतना होगा और साथ ही इस ग्रुप के बाक़ी के मैचों के परिणामों पर भी निर्भर रहना होगा।
विज्ञापन


इस मैच के हीरो रहे उरुग्वे के सुपरस्टार लुई सुआरेज़ जिन्होंने पूरी तरह से फ़िट ना होने के बावजूद उम्दा खेल दिखाया और उरुग्वे की ओर से दोनों गोल किए। फ़ुटबॉल विशेषज्ञ नोवी कपाड़िया के मुताबिक़, "हालांकि पूरे मैच में इंग्लैंड का दबदबा ज़्यादा रहा लेकिन वो मौक़ों को गोल में नहीं बदल पाए। दूसरी तरफ़ उरुग्वे को मौक़े कम मिले लेकिन उन्होंने उन्हें अच्छी तरह से भुनाया। मैं तो कहूंगा कि अकेले सुआरेज़ ने इंग्लैंड को हरा दिया।"

84वें मिनट तक 1-1 से बराबर रहने के बाद एक बार फिर सुआरेज़ अकेले दम पर बॉल लेकर आगे बढ़े और इंग्लैंड के गोलकीपर को चकमा देकर गोल कर दिया। पूरा स्टेडियम उरुग्वे के प्रशंसकों के शोर से गूंज उठा।
विज्ञापन


उरुग्वे का दबदबा

'ग्रुप ऑफ़ डैथ' कहे जाने वाले ग्रुप डी का यह मैच दोनों ही टीमों के लिए जीतना बेहद ज़रूरी था। दोनों ही टीमों ने पहले हाफ़ में बराबरी का खेल दिखाया।

31वें मिनट में वेन रूनी का एक ज़बर्दस्त हेडर गोलपोस्ट से टकराकर वापस आ गया। लेकिन उरुग्वे की टीम शायद इंग्लैंड से ज़्यादा भाग्यशाली थी। 39वें मिनट में एडिंसन कवाने के क्रॉस पर लुई सुआरेज़ ने ज़बर्दस्त हेडर करके उरुग्वे को 1-0 की बढ़त दिला दी।

रूनी ने किया बराबरी का गोल

दूसरे हाफ़ में इंग्लैंड ने कई हमले किए लेकिन गोल करने के कई सुनहरे मौक़े गंवाए। 60वें मिनट में इंग्लैंड के रहीम स्टर्लिंग का घुटना उरुग्वे के अलवारो परेरा के चेहरे पर लगा जिससे उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। दोनों के बीच इस दौरान काफी बहस भी हुई।

आख़िरकार लगातार जूझ रही इंग्लैंड की टीम को बराबरी का मौक़ा मिला और इंग्लैंड के सुपरस्टार वेन रूनी ने विश्व कप में अपना पहला गोल करके इंग्लैंड की टीम को बराबरी पर ला खड़ा किया। पूरे मैच के दौरान ही रूनी ने बेहतरीन खेल दिखाया। वो दो-तीन दफ़ा गोल करने के बेहद नज़दीक भी पहुंचे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें