ला लिगा में अल क्लासिको का पहला चरण रियल मैड्रिड के नाम रहा जिसने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी बार्सिलोना को 3-1 से हरा दिया। स्पेन की दोनों धुरंधर टीमों के बीच हुए मुकाबले में रियल मैड्रिड की ओर से वेलव्रेड, सर्जियो रामोस और लुका मोड्रिच ने गोल किए।
कैंप नाउ में रियल मैड्रिड अप्रैल 2016 के बाद पहली बार जीता है। वेलव्रेड ने पांचवें मिनट में मैड्रिड को बढ़त दिलाई लेकिन सर्जियो रामोस की दूसरे हाफ में पेनाल्टी महत्वपूर्ण साबित हुई। लुका मोड्रिच ने 90वें मिनट में गोल किया। रियल मैड्रिड पर बड़ा दबाव था क्योंकि उन्होंने पिछले हफ्ते ला लिगा में कैडिच के खिलाफ मैच गंवाया था, इसके अलावा शख्तर से चैंपियंस लीग मैच में भी उसे हार का सामना करना पड़ा था।
रियल तालिका में शीर्ष पर :
इस जीत के साथ मैड्रिड की टीम छह मैचों में 13 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर आ गई है। बार्सिलोना की टीम पांच मैचों में सात अंकों के साथ दसवें स्थान पर है।
फाती बने सबसे युवा स्कोरर:
बार्सिलोना की ओर से अंशु फाती ने एक समय स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया था। इसके साथ ही 17 साल और 359 दिन की उम्र में अल क्लासिको में गोल करने वाले 21वीं सदी के सबसे युवा खिलाड़ी हो गए हैं। उन्होंने विनिसियस जूनियर का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने मार्च में यह बनाया था।