फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Durand Cup: अजारेई की हैट्रिक से नॉर्थईस्ट यूनाइटेड की धमाकेदार शुरुआत, बोडोलैंड एफसी को 6-0 से रौंदा

Sat, 01 Aug 2026 10:48 PM IST
शोभित चतुर्वेदी एन. अर्जुन, गुवाहाटी

सार

गत चैंपियन नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बोडोलैंड एफसी को 6-0 से करारी शिकस्त दी। मैच से पहले गुवाहाटी में उद्घाटन समारोह का भी आयोजन किया गया।
विज्ञापन
डूरंड कप - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गत चैंपियन नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने 135वें डूरंड कप में खिताब बचाने के अभियान का शानदार आगाज किया। शनिवार को इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में ग्रुप एफ के मुकाबले में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने बोडोलैंड एफसी को 6-0 से करारी शिकस्त दी। वापसी कर रहे अलाउद्दीन अजारेई ने शानदार हैट्रिक लगाकर टीम की बड़ी जीत की नींव रखी। 
विज्ञापन

मैच से पहले हुआ भव्य उद्घाटन समारोह
इससे पहले भव्य उद्घाटन समारोह में असम की सांस्कृतिक विरासत, भारतीय सशस्त्र बलों की सैन्य परंपराओं और एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट की विरासत का शानदार संगम देखने को मिला। उद्घाटन समारोह में असम के खेल मंत्री बिस्वजीत दैमारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वित्त, पर्यावरण एवं वन मंत्री जयंत मल्लबरुआह, पूर्वी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल वीएमबी कृष्णन, चतुर्थ कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल नीरज शुक्ला समेत सेना और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत हॉट एयर बैलून, जैज बैंड और सेना के ब्रास व पाइप बैंड की संयुक्त प्रस्तुति से हुई। इसके बाद कुत्तों के प्रदर्शन, सैन्य बैंड और एनसीसी की छात्राओं के बैंड ने दर्शकों का मनोरंजन किया। स्काईडाइविंग, पैरामोटर और विमान प्रतिरूप प्रदर्शन ने रोमांच बढ़ाया। असम की सांस्कृतिक झलक बागुरुम्बा, बारद्वी सिखला, बिहू और भोरताल की प्रस्तुतियों में दिखी। ‘बदलूराम का बदन’ की प्रस्तुति के साथ सैन्य परंपरा को भी सामने रखा गया। हेलीकॉप्टर और सुखोई-30 एमकेआई के हवाई प्रदर्शन ने समारोह को यादगार बना दिया। इसके बाद तीनों डूरंड कप ट्रॉफियों को मैदान में प्रदर्शित किया गया। खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्य अतिथि ने औपचारिक किक मारकर गुवाहाटी चरण के मुकाबलों का शुभारंभ किया।
विज्ञापन

नॉर्थईस्ट ने शुरुआत से ही बनाई पकड़
मैच में नॉर्थईस्ट ने शुरू से ही गेंद पर पकड़ बनाए रखी। हालांकि पहला गोल 45+3वें मिनट में हुआ, जब अजारेई ने बोडोलैंड की रक्षापंक्ति की गलती का फायदा उठाकर बाएं पैर से गोल किया। दूसरे हाफ में नॉर्थईस्ट ने गोलों की झड़ी लगा दी। 58वें मिनट में जितिन एमएस के क्रॉस पर लालरिनजुआला ने गोल किया। 67वें मिनट में अजारेई ने  दूसरा गोल दागा। 70वें मिनट में रिडीम त्लांग ने स्कोर 4-0 किया। 86वें मिनट में अजारेई ने दो रक्षकों को छकाते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की। इंजरी टाइम में एंटोनियो मोयानो ने छठा गोल कर टीम की 6-0 की जीत पक्की कर दी। 135वां डूरंड कप 25 जुलाई से 23 अगस्त तक कोलकाता, रांची, गुवाहाटी, शिलांग और इंफाल में खेला जा रहा है। प्रतियोगिता में 24 टीमें 43 मुकाबलों में हिस्सा ले रही हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें