डूरंड कप 2026 के मुकाबले में एफसी1 ने करबी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी को 2-1 से हरा दिया। एफसी1 और करबी आंगलोंग के बीच मुकाबला पहले हाफ तक बराबरी पर था, लेकिन दूसरे हाफ में एफसी1 ने बढ़त ली और इसे बरकरार रखा।
एफसी1 ने 135वें डूरंड कप में शानदार वापसी करते हुए ग्रुप एफ के मुकाबले में करबी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी को 2-1 से हरा दिया। सोमवार को गुवाहाटी के इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में असम की टीम ने बढ़त बनाई, लेकिन जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का प्रतिनिधित्व कर रही एफसी1 ने दूसरे हाफ में निर्णायक गोल कर जीत अपने नाम की।
विज्ञापन
हाफ टाइम तक बराबरी पर था मुकाबला
करबी आंगलोंग के लिए जोसेफ मायोवा ओलालाय ने 27वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, एफसी1 ने जल्द ही जवाब दिया। हाफ टाइम से पांच
मिनट पहले शाकिर अहमद शेख ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। दूसरे हाफ में एफसी1 ने आक्रामक शुरुआत की और 53वें मिनट में बढ़त हासिल कर ली। शाकिर अहमद शेख के सटीक क्रॉस पर हयात बशीर ने शानदार हेडर से गेंद को गोल में पहुंचाकर स्कोर 2-1 कर दिया।
एफसी1 को इसके बाद बड़ा झटका लगा, जब 60वें मिनट के बाद इवोरियन डिफेंडर टेटी अरमांडो योको को सीधे लाल कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया गया। इसके बाद एफसी1 को करीब आधे घंटे तक 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। संख्या में बढ़त मिलने के बाद करबी आंगलोंग ने लगातार दबाव बनाया और हमले तेज किए। ललपेखलुआ बाएं छोर से लगातार खतरा बने रहे, लेकिन एफसी1 की रक्षापंक्ति ने संयम बनाए रखते हुए विपक्षी टीम को स्पष्ट गोल का मौका नहीं दिया। एफसी1 के गोलकीपर और रक्षापंक्ति ने अंतिम मिनटों में शानदार बचाव किया और टीम ने 2-1 की बढ़त कायम रखते हुए डूरंड कप में विजयी शुरुआत की।