स्कॉटलैंड में कोविड-19 के नियम तोड़ने पर वहां के एक घरेलू फुटबॉल मैच को टाल दिया गया है। सेल्टिक टीम के एक खिलाड़ी ने बिना जानकारी के स्पेन की यात्रा की और फिर खुद को पृथकवास में नहीं रखा। इस पर सरकार की दखलअंदाजी के बाद स्कॉटलैंड में घरेलू फुटबॉल लीग के कुछ मैचों को टाल दिया गया। देश में फुटबॉल संचालन से जुड़े अधिकारियों की सरकार से बैठक के बाद यह फैसला लिया गया।
स्कॉटलैंड के घरेलू लीग की इस मौजूदा चैंपियन टीम ने मंगलवार को माफी मांगते हुए टीम के खिलाड़ी बोली बोलिनगोली की आलोचना की। बोलिनगोली स्पेन से लौटने के बाद पृथकवास पर गए बिना रविवार को किल्मारनॉक के खिलाफ मैच में मैदान पर उतरे थे। यह मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा था।
सेल्टिक से जारी बयान में कहा गया, ‘मौजूदा परिस्थितियों में इससे अधिक गैर जिम्मेदाराना काम की कल्पना करना मुश्किल है और हम इसे स्पष्टीकरण से परे मानते हैं।’
मामले के सामने आने के बाद स्कॉटलैंड की प्रथम मंत्री निकोला स्टुर्जन ने चेतावनी दी कि अगर इसके कारण कोविड-19 का मामला बढ़ा तो सुरक्षा प्रतिबंधों के दौरान स्कॉटिश फुटबॉल को मिला विशेषाधिकार खतरे में पड़ जाएगा। बोलिनगोली के मामले के मद्देनजर सरकार ने बुधवार के दो मुकाबलें और शनिवार के एक मैच को टालने का आग्रह किया था। इन तीन में से दो मैच सेल्टिक के है।