दिल्ली डायनामोज के खिलाड़ी राना घरामी को प्रतिबंधित पदार्थ के परीक्षण में पाजीटिव पाए जाने के बाद राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी ने अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया है। इंडियन सुपर लीग में यह इस तरह का पहला मामला है। घरामी को 31 जनवरी को नयी दिल्ली में आईएसएल मैच के दौरान टूर्नामेंट के दौरान किये गये परीक्षण में प्रेडनिसोन और प्रीडनिसोलोन मेटाबोलाइट का पाजीटिव पाया गया।
सूत्रों के अनुसार दिल्ली डायनामोज के इस डिफेंडर ने उपचार के लिये छूट की अनुमति नहीं ली थी। क्लब के सूत्र ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा, ‘‘घरामी को प्रतिबंधित पदार्थ के लिये पाजीटिव पाया गया था और उनका अस्थायी निलंबन तब से शुरू हो गया जब से उन्हें नाडा का पत्र मिला है। ’’