फुटबॉल का ऐसा कौन सा दीवाना है जो डेविड बेकहम को अपनी आंखों के सामने नहीं खेलता नहीं देखना चाहेगा? यह उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं और यही चमत्कार अब भारत में हो सकता है।
अगर सब कुछ योजना के मुताबिक आगे बढ़ा, तो इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेकहम, फ्रांस के थिएरी हेनरी और माइकल ओवन जैसे इंटरनेशनल प्लेयर्स आईपीएल जैसी फुटबॉल लीग में भारतीय स्टेडियम में खेलते नजर आ सकते हैं। और ऐसे मैच मुंबई में भी हो सकते हैं।
ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) और उसकी कमर्शियल पार्टनर आईएमजी-रिलायंस इन खिलाड़ियों से बातचीत कर रही है। अगर उन्हें कामयाबी मिली, तो ये बड़े खिलाड़ी फ्रेंचाइजी आधारित लीग का हिस्सा बन सकते हैं, जो अगले साल की शुरुआत में होगी।
डेविड बेकहम और थिएरी हेनरी का आईएमजी के साथ करार पहले से है। फुटबॉल से हाल में रिटायरमेंट लेने वाले बेकहम फुटबॉल प्रमोशन के लिए आईएमजी के अनुबंध के तहत चीन होकर आए हैं।
इस बीच एआईएफएफ ने यह जांचने के लिए वेस्टर्न इंडिया फुटबॉल एसोसिएशन से संपर्क साधा है कि नवी मुंबई में डीवाई पाटिल स्टेडियम और पुणे में बालेवाड़ी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए तैयार हैं।