शूटआउट में अल हिलाल के लिए रुबेन नेवेस और अल नस्र के लिए एलेक्स टेलेस शूट लेने पहुंचे और दोनों ने शॉट मिस किया। इसके बाद अल हिलाल की ओर से एलेक्जेंडर मित्रोविच और नस्र की ओर से रोनाल्डो शूट के लिए पहुंचे और दोनों ने बेहतरीन गोल दागा। हालांकि, इसके बाद अगले तीन प्रयासों तक अल हिलाल और अल नस्र दोनों ही ओर से गोल लगे। पांच प्रयासों के बाद स्कोर 4-4 की बराबरी पर था। फिर सडेन डेथ में अल हिलाल के सऊद अब्दुलहामिद और अल नस्र के अली अलहसन ने अपने-अपने शॉट मिस किए। अगले शॉट में अल हिलाल के नासेर ने तो गोल किया, लेकिन अल नस्र के मेहशारी अपना शॉट चूक गए। ऐसे में अल हिलाल ने 5-4 से जीत हासिल की।
पुर्तगाली सुपरस्टार का व्यक्तिगत तौर पर शानदार सीजन था, लेकिन उन्होंने इसे ट्रॉफी रहित समाप्त किया। इससे ही वह दुखी हो गए और इतने संघर्ष के बाद ट्रॉफी नहीं जीत पाने से उनकी आंखों में आंसू आ गए। इस 39 वर्षीय फुटबॉलर ने हाल ही में सऊदी प्रो लीग सीजन में सबसे अधिक गोल करने का रिकॉर्ड तोड़ा था। रोनाल्डो ने एक सीजन में 35 गोल किए और उन्होंने पूर्व अल नस्र स्टार अब्दरजाक हमदल्लाह का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2019 सीजन में 34 गोल किए थे।
अल-नस्र सऊदी प्रो लीग में दूसरे स्थान पर रहे। वह अपने प्रतिद्वंद्वी अल-हिलाल से 14 अंक पीछे रहे। अब किंग्स कप की हार के बाद अल नस्र के सीईओ गुइडो फिएंगा ने पुष्टि की कि रोनाल्डो 2023-24 अभियान के दिल तोड़ने वाले अंत के बावजूद अगले सीजन में भी क्लब में बने रहेंगे।