चीफ कोच मेमोल रॉक के मार्गदर्शन में भारत की सीनियर महिला फुटबॉल टीम स्पेन के अपने पहले ऐतिहासिक दौरे पर बुधवार सुबह रवाना हो गई। भारतीय महिला टीम स्पेन में कॉटिफ टूर्नामेंट में 1 अगस्त को फुनदेशियन अल्बास्ते, 3 अगस्त को लेवांते यूडी, 5 अगस्त को मोरक्को और 6 अगस्त को मैड्रिड सीएफ के मैच खेलेगी।
भारत की चीफ कोच मेमोल ने कहा, 'हमारी महिला टीम स्पेन के इस दौरे पर मिलने वाली चुनौती का बेताबी से इंतजार कर रही है। यह दौरा हमारे लिए खुद को यूरोपीय टीमों और मोरक्को की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के खिलाफ खुद को आंकने का मौका होगा। हम बेताबी से इस टूर्नामेंट के शुरू होने और वहां प्रतिद्वंद्वी टीम को कड़ी टक्कर देने का बेताबी से इंतजार कर रहे हैं। हमारी टीम की लड़कियां यूरोप के पहले ऐतिहासिक दौरे का हिस्सा बन कर खासी रोमांचित हैं। हम अखिल भारतीय फुटबॉल संघ (एआईएफएफ) और साई ककी इस दौरे की व्यवस्था करने के लिए आभारी हैं। इस दौरे का हमें भविष्य के टूर्नामेंट के लिए बहुत लाभ मिलेगा।'
भारत की गोलरक्षक अदिति चौहान ने कहा, 'एआईएफएफ और साई के बिना हमारा यह स्पेन दौरा मुमकिन नहीं हो सकता था। इस दौरे से हमारी लड़कियों को यूरोपीय अैर अफ्रीका के खिलाफ आने वाली मानसिक बाधा को तोडने का मौका मिलेगा।'
भारत की 20 सदस्यीय महिला फुटबॉल टीम इस प्रकार है :
गोलरक्षक : ई. पनथोई चानू, अदिति चौहान, ओ. रोशनी देवी।
रक्षापंक्ति : एल. आशालता देवी, मनीषा पन्ना, उम्पति देवी, जबमणि टूडू, डालिमा छिब्बर, स्वीटी देवी।
मध्यपंक्ति : संगीता बासफॉर, संजू, आई. परमेश्वरी देवी, मंदाकिनी देवी, इंदुमति कतिरसेन।
अग्रिम पंक्ति : वाई. कमलादेवी ,अंजू तमांग, एन. रत्नबाला देवी, बाला देवी, दांगमेई ग्रेस, आर. शांडिल्य रंगनाथन।