कोलंबिया को येरी मिना का आत्मघाती गोल भारी पड़ा और पेरू ने कोपा अमेरिका फुटबॉल टूर्नामेंट में उसे 2-1 से पराजित कर दिया। इस जीत के साथ पेरू ने नाकॅआउट में पहुंचने की उम्मीदें कायम रखी हैं। सर्जियो पेना (17वें मिनट) ने गोल कर पेरू को बढ़त दिलाई जो हाफ समय तक कायम रही।
कोलंबिया पर 2-1 की जीत से पेरू ने कायम रखी नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें
दूसरे हाफ के शुरुआत में ही मिगुएल बोर्जा (53वें मिनट) ने पेनाल्टी पर गोल कर कोलंबिया को 1-1 से बराबरी दिला दी। इसके 11 मिनट बाद ही कोलंबिया के डिफेंडर मिना (64वें मिनट) ने आत्मघाती गोल करके ओलंपिक स्टेडियम में पेरू को 2-1 की बढ़त तोहफे में दी जो निर्णायक साबित हुई।
पेरू दो मैचों के बाद ग्रुप बी में तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। कोलंबिया तीन मैचों में चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर है लेकिन उसके सिर्फ दो मैच बचे हैं। शीर्ष पर चल रहे ब्राजील के छह अंक हैं। शीर्ष चार टीमें क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेंगी।
पेरू को टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में ब्राजील के हाथों 0-4 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। वेनेजुएला और इक्वाडोर के बीच खेला गया मैच 2-2 से बराबरी पर छूटा। वेनेजुएला की टीम तीन मैचों में दो अंकों के साथ ग्रुप चौथे स्थान पर है।