युवा खिलाड़ियों से भरी फ्रांस ने रविवार को क्रोएशिया पर 4-2 से जीत हासिल करते हुए दूसरी बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की। मास्को में रविवार को खेले गए इस मुकाबले से पहले फीफा का समापन समारोह हुआ। इस रंगारंग कार्यक्रम में कई नामचीन हस्तियों ने शिरकत की।
हॉलीवुड एक्टर विल स्मिथ, निक्की जैम और कोसोवियन ने अपनी गीतों और विश्व कप एंथम लिव इट अप से फाइनल मुकाबले की सेज तैयार की। फ्रांस के राष्ट्रपति एमेनुअल मैक्रों पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी के साथ स्टेडियम पहुंचे।
वहीं क्रोएशियाई राष्ट्रपति कोलिंदा ग्राबर कितरोविच भी अपनी टीम का हौसला बढ़ाने के लिए स्टेडियम पहुंचीं। जमैका के सुपर स्टार स्प्रिंटर उसेन बोल्ट भी फाइनल देखने के लिए आए।
निक्की जेम्स के गीत के बाद 2014 में जर्मनी के लिए विश्व कप ग्रहण करने वाले कप्तान फिलिप लाहम और रूस की सुपर मॉडल नतालिया वोदियानोवा ट्रॉफी को लेकर स्टेडियम पहुंचे।
रूसी राष्ट्रपति ब्लादीमीर पुतिन फीफा अध्यक्ष जियानी इंफेंटीनो के साथ स्टेडियम में मौजूद रहे। लुजनिकी स्टेडियम में 78 हजार 11 दर्शकों के साथ खचाखच भरा था।