एएफसी एशियाई कप 2023 की मेजबानी की दौड़ में शामिल सभी दूसरे दावेदारों के नाम वापस लेने के बाद इसका जिम्मा चीन को सौंपा गया है। एशियाई फुटबॉल फुपरिसंघ (एएफसी) ने कहा कि थाईलैंड और इंडोनेशिया के हटने के बाद चीन और दक्षिण कोरिया इसकी मेजबानी की दौड़ में शामिल थे।
दक्षिण कोरिया भी पिछले महीने इसकी मेजबानी की दावेदारी से पीछे हट गया। चीन इससे पहले 2004 में इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर चुका है जहां टीम फाइनल में जापान से हार गई थी। यहां एएफसी कांग्रेस में फीफा परिषद में चीन के सदस्य दु झाओसाई ने कहा,‘ यह चीन के लिए शानदार है, 2023 एशियाई कप की मेजबानी करना हमारे लिए बड़ा सम्मान है। हम सफल टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर आश्वस्त हैं।’
इस साल एशियाई कप का आयोजन यूएई में हुआ था, जहां कतर जापान को हराकर चैंपियन बना था। भारत ने भी इसके लिए क्वालिफाई किया था लेकिन वह ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाया।