चेन्नईयन एफसी ने फाइनल मुकाबले में एफसी गोवा को हराकर इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के दूसरे संस्करण का खिताब अपने नाम कर लिया है।
मडगांव के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में चेन्नईयन ने एफसी गोवा को नजदीकी मुकाबले में 3-2 से पराजित किया। इस मुकाबले में आखिर के चार मिनट में तीन गोल हुए।
विजेता टीम चेन्नईयन को 8 करोड़ रुपये पुरस्कार राशि के तौर पर मिले जबकि उपविजेता रही टीम एफसी गोवा को 4 करोड़ रुपये मिले।
चेन्नईयन के लिए मैच के 54वें मिनट में ब्रूनो पेलिसारी ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। पेलिसारी ने यह गोल फ्री किक पर किया। 0-1 से पिछड़ने के चार मिनट बाद ही थोंगखोसीम हाओकिप ने 58वें मिनट में गोल कर एफसी गोवा को 1-1 की बराबरी दिला दी।
गोवा की ओर से जोफ्रे गोंजालेज ने 87वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया। इसके बाद ऐसा लग रहा था कि यही विजयी गोल साबित होगा लेकिन गोवा के गोलकीपर लक्ष्मीकांत काट्टीमानी मैच के आखिरी समय (90वें मिनट) में आत्मघाती गोल कर बैठे और चेन्नईयन को वापसी का मौका मिल गया। चेन्नईयन की ओर से इसके बाद स्ट्राइकर स्टीवन मेंडोजा ने गोल कर अपनी टीम को खिताबी जीत दिला दी।
कोहली ने अनुष्का के साथ फाइनल का लुत्फ उठाया
भारत के टेस्ट टीम के कप्तान और गोवा फ्रेंचाइजी टीम के सह मालिक विराट कोहली अपनी गर्लफ्रेंड बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ फाइनल मैच देखने पहुंचे थे। इस दौरान चेन्नईयन फ्रेंचाइजी टीम के मालिक अभिषेक बच्चन और आईएसएल चेयरपर्सन नीता अंबानी भी मौजूद थीं।
मेंडोजा को मिला गोल्डन बूट अवार्ड
कोलंबिया के मेंडोजा का शानदार फॉर्म फाइनल में भी जारी रहा। उन्होंने बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के अलावा गोल्डन बूट अवार्ड पर भी कब्जा जमाया। मेंडोजा ने मौजूदा सीजन में सबसे अधिक 13 गोल किए थे। जेजे लापेखलुआ आईएसएल इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द लीग चुने गए। वहीं एडेल बेटे को गोल्डन ग्लोव अवार्ड मिला।