क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी और अभिनेता अभिषेक बच्चन की टीम ने हार के बाद वापसी करते हुए आईएसएल में बड़ी जीत हासिल की है।
पिछले मैच में दिल्ली डायनामोस के हाथों मिली करारी शिकस्त को पीछे छोड़ते हुए चेन्नईयन एफसी टीम ने इंडियन सुपर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में जबरदस्त वापसी करते हुए चेन्नई में अपने घरेलू मैदान पर मुंबई एफसी टीम को 5-1 से धो दिया।
चेन्नईयन टीम के लिए ब्राजीली खिलाड़ी एलानो ने नौवें और 69वें मिनट में दो गोल किए। कोलंबियाई खिलाड़ी मेनडोजा ने तीसरे 41वें और 44वें मिनट में जबकि भारतीय स्ट्राइकर जेजे लालपेखुलुवा ने 26वें मिनट में गोल ठोका।
वहीं मुंबई के लिए सैयद रहीम नवी ने 87वें मिनट में टीम के लिए एकमात्र गोल किया। इस जीत से चेन्नई टीम एक बार फिर जीत की पटरी पर लौट आई है। टूर्नामेंट में उसकी चार मैचों में यह तीसरी जीत है। वहीं दूसरी ओर मुंबई की चार मैचों में यह तीसरी हार है।
अपने घरेलू मैदान पर खेल रही चेन्नईयन टीम मुंबई के खिलाफ अलग ही रंग में नजर आई और उसने शुरुआत से ही विपक्षी टीम पर ताबड़तोड़ हमले करने शुरू कर दिए। इलानो ने नौवें मिनट में शानदार गोल ठोककर टीम को बढ़त दिला दी।
पहला हॉफ खत्म होने से पहले मेनडोजा ने मुंबई टीम को सकते में डालते हुए तीन मिनट में दो गोल ठोक दिए। उन्होंने पहला गोल 41वें मिनट में ठोका। जब तक मुंबई इस गोल से संभलती उन्होंने तीन मिनट के अंदर एक गोल और दाग दिया।