तेरह बार के चैंपियन रियल मैड्रिड ने दो गोल से पिछड़ने के बाद चैंपियंस लीग फुटबॉल के अपने दूसरे मुकाबले में बोरूसिया मोनेशेनग्लैडबाक को 2-2 से बराबरी पर रोक दिया। जिनेदिन जिदान की टीम को पहले मुकाबले में शख्तर डोनेस्क के हाथों 2-3 से हार मिली थी। टीम ने दो मैचों में पांच गोल खाए और चार किए हैं। रियल के दो मैचों से सिर्फ एक अंक है। उसे चैंपियंस लीग के प्रत्येक सत्र में नॉकआउट चरण में पहुंचने के अपने रिकॉर्ड को बरकरार रखने के लिए आगे बेहतर खेल दिखाना होगा।
मोनेशेनग्लैडबाक को मार्कस थुर्रम (33वें, 58वें मिनट) ने दो गोल कर बढ़त दिला दी थी। जब लग रहा था कि रियल को चैंपियंस लीग में अपनी लगातार चौथी हार मिलेगी तभी करीम बेंजेमा (87वें मिनट) ने गोल कर कुछ उम्मीद जगाई। इसके बाद कैसेमीरो (90+3) ने टीम को बराबरी दिला दी।
बायर्न व सिटी भी जीते :
मैनचेस्टर सिटी ने मार्सेली को 3-0 से हराया। मौजूदा चैंपियन बायर्न म्यूनिख ने लोकोमोटिव मास्को को 2-1 से हराकर अपने विजय अभियान को 13 मैचों तक पहुंचाया।
डिएगो ने दागा लिवरपूल के लिए 10000वां गोल
लिवरपूल ने एफसी मिडिलैंड को 2-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। टीम के लिए डिएगो जोटा (55वें मिनट) ने और मोहम्मद सालाह (90+3) ने एक-एक गोल किया। डिएगो का गोल क्लब के 128 साल के इतिहास में 10,000वां गोल रहा।