शीर्ष वरीय चेक गणराज्य के टामस बेर्दिच और दो बार के चैंपियन क्रोएशिया के मारिन सिलिच को दक्षिण एशिया के एकमात्र एटीपी टूर्नामेंट चेन्नई ओपन के क्वार्टरफाइनल में सनसनीखेज हार का सामना करना पड़ा है। बेर्दिच को गैर वरीय स्पेन के रोबर्टो बातिस्ता ने शुक्रवार को क्वार्टरफाइनल में 7-5, 2-6, 6-3 से हराया जबकि सिलिच को पांचवीं सीड फ्रांस के बेना पेरी ने 6-4, 1-6, 7-5 से शिकस्त दी।
चौथी सीड स्टेनिस्लास वावरिंका भी अंतिम आठ से आगे नहीं पहुंच पाए। उन्हें गैर वरीय स्लोवेनिचा के एल्जाज बेडेन ने 6-2, 7-6 से हराया। शीर्ष चार खिलाडियों में केवल दूसरी सीड यांको टिप्सारेविच ही सेमीफाइनल का टिकट कटाने में सफल रहे। उन्होंने जापान के गो सोएदा को 6-2, 6-4 से शिकस्त दी। पहले सेमीफाइनल में उनका सामना बेडेन से होगा जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पेरी और बातिस्ता आमने.सामने होंगे।