बार्सिलोना फुटबॉल क्लब ने ला लीगा के तहत खेले गए एक मुकाबले में सेविला को 2-1 से पराजित कर दिया।
इस जीत के साथ ही बार्सिलोना ने रियल मैड्रिड के सभी प्रतियोगिताओं में 34 मैचों में अजेय रहने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। बार्सिलोना को पिछली हार अक्तूबर में सेविला के खिलाफ ही झेलनी पड़ी थी।
यह रिकॉर्ड रियल मैड्रिड ने 1988-89 सीजन में बनाया था। इस मुकाबले में सेविला की ओर से विटोलो ने मैच के 20वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी।
इसके ठीक 11 मिनट बाद यानी मैच के 31वें मिनट में स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी ने फ्री किक को गोल में तब्दील कर बार्सिलोना को 1-1 की बराबरी दिला दी।
गेरार्ड पिक ने 48वें मिनट में शानदार गोल कर बार्सिलोना की जीत सुनिश्चित कर दी। उधर, एक अन्य मुकाबले में एटलेटिको ने रियल मैड्रिड को 1-0 से पराजित कर दिया। एटलेटिको की ओर से एंटोइन ग्रिएजमैन ने एकमात्र गोल 53वें मिनट में किया।
शीर्ष पर और मजबूत हुआ बार्सिलोना
सेविला पर जीत के बाद बार्सिलोना के 26 मैचों में 66 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में शीर्ष पर है जबकि एटलेटिको 26 मैचों से 58 अंक लेकर दूसरे वहीं रियल मैड्रिड 54 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है।