इटली में फैले कोरोना वायरस संक्रमण के चलते शीर्ष स्तर की फुटबॉल प्रभावित हो रही है। एहतियात के तौर पर स्पेनिश फुटबॉल क्लब बार्सिलोना को नेपोली से होने वाले मुकाबले से पहले स्वास्थ्य जांच करानी होगी। खिलाड़ियों की सुरक्षा और सेहत को देखते हुए सुपरस्टार मेसी सहित सभी खिलाड़ियों का नेपोली पहुंचने और छोड़ने पर दोनों बार टेस्ट होगा।
इटली सरकार इससे पहले सीरी ए के तीन मैच रद्द कर चुकी है। सरकार कोरोना वायरस से निपटने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रही है। यही नहीं इटली में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए सीरी-ए और यूरोपा फुटबॉल लीग के मुकाबले खाली स्टेडियम में होंगे। खेल मंत्री विनसेन्जो स्पाडाफोरा ने सोमवार को कैबिनेट की बैठक के बाद एलान किया।