नीदरलैंड फुटबॉल टीम के कप्तान अर्जेन रोबेन ने मंगलवार को स्वीडन से 2-0 से जीतने के बाद भी 2018 फीफा फुटबॉल विश्व कप में क्वालिफाई नहीं करने की वजह से अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा की। उन्होंने 2003 में पुर्तगाल के खिलाफ खेलकर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में पर्दापण किया था।
विश्व कप क्वालिफायर मैच में स्वीडन के खिलाफ बायर्न म्यूनिख फुटबॉल क्लब की तरफ खेलने वाले इस स्टार खिलाड़ी ने दोनों गोल किए। 33 वर्षीय रोबेन ने नीदरलैंड की ओर से खेलते हुए 96 मैच में 37 गोल दागे। रोबेन के शानदार खेल की बदौलत ही नीदरलैंड 2010 फीफा विश्व कप के फाइनल में पहुंचा था। फाइनल में स्पेन ने उसे 1-0 से हरा दिया था। इस स्टार खिलाड़ी ने कहा, ‘मुझे 2010 का विश्व कप हमेशा याद रहेगा।’