गत विजेता अर्जेंटीना की टीम राउंड ऑफ 32 में केप वर्डे के खिलाफ उलटफेर से बच गई। मियामी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में अर्जेंटीना ने केप वर्डे को 3-2 से हराकर राउंड ऑफ 16 में प्रवेश कर लिया। दोनों टीमों के बीच बेहद ही रोमांचक मुकाबला खेला गया, लेकिन केप वर्डे को अतिरिक्त समय में डिने बोर्गस द्वारा किया गया आत्मघाती गोल भारी पड़ा। पूरे मैच में केप वर्डे की टीम ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में जाकर टीम मौका गंवा बैठी। अर्जेंटीना का सामना अब अगले दौर में मिस्र से होगा।
केप वर्डे के खेल ने चौंकाया
दिलचस्प बात तो यह रही कि केप वर्डे ने पूरे मैच के दौरान अर्जेंटीना जैसी मजबूत टीम को फंसा के रखा। आलम यह रहा कि मैच अतिरिक्त समय तक खिंचा तब जाकर मैच का नतीजा निकला। मेसी इस मैच में भी अर्जेंटीना के लिए दमदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रहे, लेकिन असली समां तो केप वर्डे ने बांधा। अपना पहला विश्व कप खेलने वाली केप वर्डे के अभियान का अंत भले ही राउंड ऑफ 32 में हुआ, लेकिन उसने जिस तरह से अर्जेंटीना पर दबाव बनाया उसकी जितनी तारीफ की जाए वो कम है। बोर्गस अगर आत्मघाती गोल नहीं करते तो मैच का नतीजा कुछ अलग भी निकल सकता था। जैसे ही अंतिम सीटी बजी और मैच अर्जेंटीना के पक्ष में गया, केप वर्डे के खिलाड़ी अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और कई खिलाड़ियों के आंखों से आंसू छलक पड़े।
मेसी ने दिलाई बढ़त
अर्जेंटीना को लियोनल मेसी ने पहले हाफ में ही बढ़त दिला दी। मेसी ने 29वें मिनट में गोल दागा जिससे अर्जेंटीना पहले हाफ तक 1-0 की बढ़त लेने में सफल रहा। हालांकि, दूसरे हाफ की शुरुआत में केप वर्डे के लिए डेरोय डुआर्टे ने 59ें मिनट में बराबरी का गोल दागा और स्कोर 1-1 कर दिया। दोनों टीमों के बीच 90 मिनट का खेल पूरा होने तक स्कोर बराबरी ही रहा। इसके बाद अतिरिक्त समय में लिसांद्रो मार्टिनेज ने दूसरा गोल कर अर्जेंटीना को बढ़त दिला दी। मार्टिनेज ने 92वें मिनट में गोल किया।
अंतिम क्षणों में गंवाया मैच
मार्टिनेज के गोल करने के बाद लग रहा था कि अर्जेंटीना अब ये मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लेगा, लेकिन 103वें मिनट में सिडनी लोप्स काब्रेल ने गोल दागकर अर्जेटीना को चौंका दिया। काब्रेल के गोल से स्कोर 2-2 से बराबर हो गया। इसके बाद फिर अतिरिक्त समय लिया गया। अतिरिक्त समय में दोनों टीमों ने गोल करने के तमाम प्रयास किए। मेसी ने 111वें मिनट में कॉर्नर से गोल करने की कोशिश की, लेकिन केप वर्डे के डिने बोर्गस ने आत्मघाती गोल कर अर्जेंटीना को फायदा पहुंचा दिया। बोर्गस के इस आत्मघाती गोल से अर्जेंटीना एक बार फिर बढ़त लेने में सफल रहा। केप वर्डे ने इसके बाद 116 और 120वें मिनट में गोल करने के प्रयास किए, लेकिन सफल नहीं हो सके। हालांकि, केप वर्डे की टीम अर्जेंटीना पर दबाव बनाने में सफल रही।