दुनिया के महानतम फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना का बुधवार को 60 साल की उम्र में निधन हो गया। समाचार एजेंसी एएनआई ने रॉयटर्स के हवाले से जानकारी दी है कि माराडोना का निधन हार्ट अटैक की वजह से हुआ है। बता दें कि माराडोना को अपने घर पर ही हार्ट अटैक आया था।
उनके निधन के बाद अर्जेंटीना में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा कर दी गई है। दुनिया भर के फुटबॉलप्रेमियों में इस खबर से शोक की लहर दौड़ गई है और सोशल मीडिया पर इस महान फुटबॉलर को श्रद्धांजलि दी जा रही है ।
दो सप्ताह पहले ही दिमाग के आपरेशन के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई थी। विश्व कप 1986 में इंग्लैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में ‘खुदा का हाथ’ वाले गोल के कारण फुटबॉल की किवदंतियों में अपना नाम शुमार कराने वाले माराडोना दो दशक से लंबे अपने करियर में फुटबॉलप्रेमियों के नूरे नजर रहे।