रियो ओलंपिक के लिए तैयारियों में जुटी टीम एक तरफ अभ्यास मैच में खेल रही थी तो चोर होटल में उनके सामान चोरी करने में लगे थे। जिस टीम के सामान चोरी हुए हैं वो कोई छोटी टीम भी नहीं है।
पूर्व वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम ने शिकायत दर्ज कराई है कि मैक्सिको में उनके खिलाड़ी जिस होटल में ठहरे थे वहां से उनके नकद और इलेक्ट्रानिक्स सामान चोरी हो गए हैं।
अर्जेंटीना फुटबॉल संघ (एएफए) के उपाध्यक्ष क्लाडियो तापिया ने कहा कि चोरों ने उनके होटल मे उस समय चोरी की जब अर्जेंटीनाई फुटबॉल टीम बृहस्पतिवार को मैक्सिको के साथ प्यूबेला में मैच खेल रही थी। मैक्सिको और अर्जेंटीना के बीच यह मैच गोलरहित ड्रॉ पर खत्म हुआ।
अगले हफ्ते से शुरू हो रहे रियो ओलंपिक में उतरने से पहले दोनों टीमों का यह अंतिम अभ्यास मैच था। तापिया ने कहा कि जब हम रात 11:40 बजे होटल में वापस लौटे तो हमें ऐहसास हुआ कि हमारे कमरों में चोरी हुई है और सामान चोरी कर लिए गए हैं। हालांकि वह यह नहीं बता पाए कि कितना पैसा चोरी गया है।
4 बार ओलंपिक गेम्स के फाइनल में पहुंचने वाली अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम 2 बार स्वर्ण पदक जीत चुकी है। इसके अलावा वह 2 बार वर्ल्ड चैंपियन (1978 और 1986) भी रही है। वह इस बार स्वर्ण की प्रवल दावेदार भी है।