विश्व कप के फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियंस फ्रांस को हराने के बाद अर्जेंटीना ने ओवरऑल तीसरी बार और 1986 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप जीता। मंगलवार को टीम के खिलाड़ियों ने जीत का जश्न मनाने के लिए ओपन बस परेड किया। फैन्स अपनी टीम के वर्ल्ड चैंपियंस बनने से इतने उत्साहित थे कि जीत के जश्न को छोटा यानी कम समय में निपटाना पड़ा। साथ ही अर्जेंटीना के खिलाड़ियों को अपनी टीम की बसों को छोड़कर हेलीकॉप्टर से लिफ्ट करना पड़ा।
अर्जेंटीना के खिलाड़ियों और वर्ल्ड कप ट्रॉफी को हेलीकॉप्टर से ले जाते हुए
फीफा वर्ल्ड कप के बाद ओपन परेड में जश्न अलग बात है, लेकिन अर्जेंटीना की टीम का यह परेड किसी भी परेड से अलग थी। इस तरह का माहौल कभी किसी ने नहीं देखा था। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में दिखा कि दो फैन्स ने अर्जेंटीना की टीम बस पर कूदने का प्रयास किया। ऐसे में खिलाड़ियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठता है। पहला फैन एक ब्रिज से बस पर कूदता हुआ दिखाई पड़ा और बस पर गिरा। वहीं, दूसरा फैन बस के पिछले हिस्से से टकराकर नीचे सड़क पर गिर गया। इसके बाद बस को रोका गया। वहीं, पीछे से आ रही भारी भीड़ ने उसे उठाया।
हेलीकॉप्टर में बैठे एंजो फर्नांडीज
यह वीडियो दर्शाता है कि अर्जेंटीना के प्रशंसकों के लिए यह वर्ल्ड कप जीत कितना मायने रखती है। इस परेड को कई वर्षों तक याद किया जाएगा। वहीं, मेसी के भी कई फोटोज वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह वर्ल्ड कप ट्रॉफी को सीने से लगाकर सोते हुए दिख रहे हैं। मेसी ने अपने पांचवें विश्व कप में टीम को जीत दिलाई। साथ ही वर्ल्ड कप से 16 साल के यूरोप के दबदबे को भी खत्म किया। 2002 (ब्राजील) के बाद पहली बार कोई लैटिन अमेरिकी टीम वर्ल्ड कप जीती है। कुछ फैन्स तो बस स्टॉप से नीचे गिरते नजर आए।
मेसी का इस वर्ल्ड कप में प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने कुल सात गोल दागे। पोलैंड के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच को छोड़कर मेसी ने हर मैच में गोल किए। फ्रांस के खिलाफ फाइनल में मेसी ने कुल दो गोल दागे। साथ ही अपने कुल वर्ल्ड कप गोल्स की संख्या 13 कर ली। उन्होंने इस मामले में ब्राजील के पूर्व महान फुटबॉलर पेले को पीछे छोड़ दिया। पेले ने 12 गोल दागे थे। मेसी को उनके प्रदर्शन के लिए गोल्डन बॉल अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया।